Thursday, April 16, 2026
spot_img
Homeमध्यप्रदेशजबलपुर का मदन महल रेलवे स्टेशन हुआ और आधुनिक, एक साथ तीन...

जबलपुर का मदन महल रेलवे स्टेशन हुआ और आधुनिक, एक साथ तीन लिफ्ट का हुआ शुभारंभ

जबलपुर रेल मंडल का मदन महल स्टेशन अब विकास की गति पकड़ रहा है। इस स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं की हर अत्याधुनिक चीजें अब धीरे-धीरे उपलब्ध होती जा रही हैं। इसी कड़ी में शनिवार को इस स्टेशन पर एक साथ तीन लिफ्टों का शुभारंभ एक समारोह में किया गया। स्टेशन के प्रत्येक प्लेटफार्म पर लगाई गई इन लिफ्टों का शुभारंभ जबलपुर के सांसद राकेश सिंह, राज्यसभा सदस्य सुमित्रा बाल्मीक ने किया।

 

140 करोड़ रुपये से हो रहे कई कार्य

 

इस अवसर पर सांसद सिंह ने कहा कि पहले मदन महल स्टेशन एक उपेक्षित स्टेशन माना जाता था, लेकिन पिछले कुछ सालों में इस स्टेशन के विकास के अनेक कार्य किए गए हैं। इस स्टेशन के विकास के लिए 140 करोड़ रुपये से विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। सभी प्लेटफार्म पर महिलाओं, दिव्यांगों और वृद्ध जनों को अब एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए लिफ्ट की सुविधा प्रारंभ की जा रही है। इसके साथ ही यहां पर एस्केलेटर भी लगाने की योजना है।राज्यसभा सदस्य सुमित्रा बाल्मीक ने रेलवे द्वारा किए जा रहे विकास के कार्यों की प्रशंसा की। जबलपुर रेल मंडल की ओर से अतिथियों के स्वागत के उपरांत सीनियर डीसीएम विश्व रंजन ने बताया कि लगभग 99 लाख की लागत से रेलवे द्वारा प्लेटफार्म के ऊपर लिफ्ट लगाई गई है। इससे यात्री सुविधा का उन्नयन होगा। इस अवसर पर रेल प्रशासन की ओर से वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता संजय मनोरिया, मंडल अभियंता पीके श्रीवास्तव, मंडल वाणिज्य प्रबंधक नितेश कुमार सोने के साथ ही मदन महल की स्टेशन प्रबंधक आरती यादव व वाणिज्य प्रबंधक श्वेता सहित भाजपा नेता राममूर्ति मिश्रा, अखिलेश जैन, राहुल खत्री, सुशील चौबे, बाबा शमसुल हसन सहित अन्य मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular