Thursday, April 23, 2026
spot_img
Homeजनसम्पर्क समाचारमतदाता सूचियों को शतप्रतिशत शुद्ध बनाएँ – संभागीय आयुक्त श्री सिंह

मतदाता सूचियों को शतप्रतिशत शुद्ध बनाएँ – संभागीय आयुक्त श्री सिंह

अटल सभागर में दो चरणों में जिले भर के बीएलओ के साथ हुआ संवाद

बताई गईं मतदाता सूचियों को शुद्ध करने की बारीकियाँ

संभाग आयुक्त श्री दीपक सिंह ने कहा मतदाता सूचियों की शुद्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रयास ऐसे हों जिससे मदाता सूचियों में कोई भी विसंगति न रहे। सभी रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सुपरवाइजर व बीएलओ इस काम को गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण आदि वजहों से जिले से बाहर चले गए व्यक्ति व मृत व्यक्तियों के नाम वहाँ की मतदाता सूची से हटाने का काम प्रमुखता से किया जाए। साथ ही जिले के भीतर जिन मतदाताओं ने अपने निवास स्थान बदल लिए हैं उनका नाम उसी मतदान केन्द्र की सूची में हो, जहाँ वे वर्तमान में निवासरत हैं। संभाग आयुक्त श्री सिंह ग्वालियर जिले के बीएलओ एवं रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से संवाद कर रहे थे।

 

इस अवसर पर कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह द्वारा दिए गए मोटीवेशनल स्पीच को सुनकर सभी बीएलाओ में जोश भर गया। कलेक्टर ने कहा कि हम दण्ड की बजाय प्रेरणा से काम कराने में भरोसा रखते हैं। पर जो बीएलओ बार-बार समझाने के बाबजूद भी अपना काम नहीं करेंगे उन्हें दण्डित अवश्य किया जायेगा। बीएलओ के साथ हुए संवाद में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

 

बुधवार को यहाँ जीवाजी विश्वविद्यालय स्थित अटल सभागार में दो चरणों में जिले के सभी 6 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के बीएलओ को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार किए जा रहे मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में गहन प्रशिक्षण दिया गया। पहले चरण में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 14-ग्वालियर ग्रामीण, 18-भितरवार एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-19 डबरा के बीएलओ के साथ संवाद हुआ। दूसरे चरण में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 15-ग्वालियर, 16-ग्वालियर पूर्व एवं 17-ग्वालियर दक्षिण के बीएलओ के साथ संवाद सह प्रशिक्षण का आयोजन हुआ।

 

संभागीय आयुक्त श्री दीपक सिंह ने कहा कि जिन युवाओं की आयु एक अक्टूबर को 18 वर्ष की होने जा रही है, उनके नाम मतदाता सूची में अनिवार्यत: जोड़े जाएँ। उन्होंने कहा इसके लिये स्कूलों में विशेष शिविर लगाकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के ऑनलाइन फॉर्म भराए जाएँ। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शिक्षकों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी उसी क्षेत्र में लगाई जाएँ जहाँ वे पदस्थ हैं।

कलेक्टर के प्रेरणादायी उदबोधन से प्रभावित होकर बीएलओ बोले समर्पण भाव से करेंगे काम

अटल सभागार में दो चरणों में आयोजित हुए बीएलओ के प्रशिक्षण कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने समर्पण भाव एवं पूरे मनोयोग के साथ मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण का कार्य करने का आह्वान किया। इतना ही नहीं उन्होंने मंच की बजाय बीएलओ के बीच बैठकर अपना संबोधन दिया। कर्तव्यबोध का आभार कराए जाने पर सभागार में बड़ी संख्या में मौजूद बीएलओ खासे प्रभावित हुए। कई बीएलओ ने संकल्पबद्ध होकर भरोसा दिलाया कि हम दो दिन के भीतर पुन: घर-घर सर्वे कर शेष काम को पूर्ण करेंगे।

लापरवाही पर एसडीएम व तहसीलदारों के खिलाफ भी होगी कार्रवाई

 

बीएलओ से संवाद करने से पहले कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ ने जिला पंचायत के सभागार में दो चरणों में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ सुपरवाइजर व रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की बैठक ली।

कलेक्टर श्री सिंह ने मतदाताओं के लिहाज से अत्यधिक विपरीत जेण्डर रेशियो वाले गाँवों व वार्डों में घर-घर सर्वे में ढ़िलाई पर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने साफ किया कि यदि यह काम ठीक से नहीं किया गया तो संबंधित बीएलओ एवं रजिस्ट्रीकरण व सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के साथ-साथ संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार व आरआई के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने इन सभी अधिकारियों को अगले दो दिन के भीतर विपरीत जेण्डर रेशियो वाले मतदान केन्द्रों से जुडे सभी गाँव व बस्तियों में घर-घर सर्वे करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा एसडीएम व तहसीलदार स्वयं भी घर-घर सर्वे के लिये जाएँ। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी।

वीआईपी, पीडब्ल्यूडी व 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं को चिन्हित करने पर जोर

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक कुमार सिंह ने शतप्रतिशत मतदान केन्द्रों का भौतिक सत्यापन कर वहाँ बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि वीआईपी वोटर, पीडब्यूडी वोटर्स एवं 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के चिन्हांकन कार्य को प्रमुखता से अंजाम दें। साथ ही न्यूनतम जेण्डर एवं ईपी रेशियो वाले मतदान केन्द्रों की सूचियों पर सभी एसडीएम व्यक्तिगत रूप से ध्यान दें। बीएलओ द्वारा किए गए डोर-टू-डोर सर्वे कार्य का सभी एसडीएम व तहसीलदार रेण्डम निरीक्षण अवश्य करें।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जे पी गुप्ता तथा एसडीएम श्री विनोद सिंह, श्री सी बी प्रसाद, श्री प्रदीप सिंह तोमर, श्री अशोक तोमर व श्री अनिल बनवारिया सहित जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular