भोपाल। मध्यप्रदेश की विशिष्ट पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) के 65 प्रतिनिधियों को सोमवार को राष्ट्रपति भवन, नवनिर्मित संसद भवन और अमृत उद्यान के भ्रमण का अवसर मिलेगा। सभी राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले विशिष्ट पिछड़ी जनजाति सम्मेलन (पीवीटीजी मीट) में शामिल होंगे। इसमें मध्यप्रदेश की बैगा जनजाति के 24, सहरिया के 20 और भारिया के 21 प्रतिनिधि हैं जिनमें 13 महिलाएं भी हैं। प्रतिनिधियों को देश की पहली महिला जनजातीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के मिलने का मौका भी मिलेगा। यह कार्यक्रम कर्तव्य पथ स्थित डा. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित होगा। देशभर से आए लगभग 1456 जनजातीय बंधुओं के लिए यहां भोज भी आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के बैगा समुदाय की परधौनी नृत्य प्रस्तुति होगी और भारिया बंधु गीत प्रस्तुत करेंगे।
राष्ट्रपति को भेंट करेंगे तामिया-पातालकोट का मोर मुकुट
छिंदवाड़ा जिले के तामिया और पातालकोट के विशिष्ट पिछड़ी जनजाति भारिया सदस्य राष्ट्रपति के लिए वहां की विशिष्टता छिंद का मोर-मुकुट बनाकर ले गए हैं। साथ ही वे पातालकोट की कंदराओं में पाए जाने वाली 24 तरह की दुर्लभ व विशिष्ट जड़ी-बूटी एवं खाद्य सामग्री भी राष्ट्रपति के लिए बतौर उपहार ले गए हैं। सम्मेलन एवं दो दिवसीय प्रवास में मध्यप्रदेश के 14 विशिष्ट जनजाति बाहुल्य जिले छिंदवाड़ा, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, श्योपुर, बालाघाट, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी और मंडला के जनजातीय बंधु प्रतिभागिता कर रहे हैं




