Russia Ukraine War News: रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट-जनरल इगोर कोनाशेंकोव ने बुधवार को कहा कि यूक्रेन की सेना ने सोमवा (5 जून) की शाम को खारकोव क्षेत्र में तोगलीपट्टी-ओडेसा अमोनिया पाइपलाइन (Togliatti-Odessa Ammonia Pipeline) को विस्फोट से उड़ा दिया, हमले में नागरिक घायल हो गए. रूसी समाचार एजेंसी TASS ने बुधवार को यह जानकारी दी.
प्रवक्ता ने कहा, ‘5 जून को, एक यूक्रेनी विध्वंसक और टोही समूह ने खारकोव क्षेत्र में मास्युटोवका की सेटलमेंट के पास तोगलीपट्टी-ओडेसा अमोनिया पाइपलाइन को उड़ा दिया. इस आतंकवादी कृत्य के परिणामस्वरूप नागरिक घायल हो गए.’ उन्होंने कहा कि घायल नागरिकों को मेडिकल सहायता दी गई है.
‘अमोनिया अवशेषों को निकाल जा रहा है’
कोनाशेंकोव ने कहा, ‘वर्तमान में, यूक्रेनी क्षेत्र से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन अनुभागों के माध्यम से अमोनिया अवशेषों को निकाला जा रहा है. रूसी सेना के जवानों में कोई हताहत नहीं हुआ है.’
रूसी सेना की जवाब कार्रवाई
कुप्यांस्क दिशा में, रूसी सेना ने पिछले 24 घंटों में 50 से अधिक यूक्रेनी सैनिकों, तीन बख्तरबंद लड़ाकू वाहनों, दो मोटर वाहनों और एक यूएस-निर्मित पलाडिन स्व-चालित तोपखाने की बंदूक को नष्ट कर दिया.
क्षेत्र के सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेग सिनेगुबोव ने मंगलवार को कहा कि एक दिन पहले, कुप्यांस्क जिले में तोगलीपट्टी-ओडेसा अमोनिया पाइपलाइन के पास कई विस्फोटों की सूचना मिली थी. TASS ने बताया कि सिनेगुबोव के मुताबिक, मक्स्युटोवका गांव में एक पम्पिंग स्टेशन के पास छह विस्फोटों की सूचना प्राप्त हुई थी.
सिनेगुबोव ने अपने टेलीग्राम चैनल पर लिखा, ‘अभी तक, हवा में अमोनिया नहीं है. स्थिति नियंत्रण में है.’ इससे पहले सोमवार को उन्होंने कुप्यांस्क जिले में अमोनिया पाइपलाइन में दबाव कम होने की सूचना दी थखी.
यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की ने मंगलवार को कहा कि ‘यदि आवश्यक हुआ तो’ पाइपलाइन को बहाल किया जाएगा.
तोगलीपट्टी-ओडेसा अमोनिया पाइपलाइन के संचालन की बहाली काला सागर में यूक्रेनी अनाज निर्यात करने के लिए पैकेज डील का हिस्सा है. समाचार एजेंसी ने बताया कि 18 मई को अनाज भेजने से संबंधित समझौते को दो महीने के लिए बढ़ा दिया गया था.




