मध्यप्रदेश के इंदौर के विजय नगर थाना स्थित सत्य साईं चौराहे पर गुरुवार शाम 4:45 बजे एक बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगने के पहले ही सवारियों को बस से उतार लिया गया था। आग इतनी भीषण थी कि पूरी बस आग के हवाले हो गई। अधिकारियों की मानें तो शॉर्ट सर्किट इसका पहला कारण बताया जा रहा है। आग की लपटें कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थी।
चश्मदीदों की मानें तो बस स्टॉप पर पहुंचते ही अचानक बस में से धुआं निकलने लगा। ड्राइवर ने तुरंत सभी सवारियों को नीचे उतारा। बस में अधिक सवारी मौजूद नहीं थे इस कारण ड्राइवर और कंडक्टर की समझदारी से सवारियां नीचे आ गई थीं। आग लगने के बाद तुरंत दमकल को सूचना दी गई और कुछ घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की कोई बात सामने नहीं आई है। वहीं एआईसीटीएसएल के अधिकारियों द्वारा इस मामले में जांच करने की बात कही जा रही है।
घटनास्थल पर मौजूद थाना प्रभारी रविंद्र गुर्जर ने बताया कि हमलोग इधर राउंड पर थे तभी इस घटना की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि बस में कुल 30-35 यात्री बैठे थे। सभी यात्री सुरक्षित हैं। आग पर काबू पा लिया गया है।




