मध्य प्रदेश के भोपाल में एक 22 साल के युवक और उसकी मां के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि नागपुर के जरीपटका की एक किशोरी के साथ बलात्कार के मामले में भोपाल के मां-बेटे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि शिकायत करने वाली लड़की एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में नौकरी करती थी। नौकरी के किसी काम से वह भोपाल गई थी। वहां उसकी मुलाकात अभिषेक कुरील नामक युवक से हुई। लड़की का आरोप है कि युवक ने उससे दोस्ती की और उसे रिश्ते की जाल में फंसा कर उसके साथ बलात्कार किया।
शिकायतकर्ता ने युवक की मां पर भी आरोप लगाया है। उसने बताया कि लड़के की मां रजनी ने उसे एक अन्य पुरुष के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। पुलिस ने बताया कि लड़की ने आरोप लगाया है कि उसका मोबाइल फोन चोरी कर उसकी अश्लील तस्वीरों को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया है।जरीपटका पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मां-बेटे पर बलात्कार, आपराधिक धमकी और अन्य अपराधों के लिए मामला दर्ज किया गया है। उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।




