मध्य प्रदेश के एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों ने महिला प्राचार्य पर आरोप लगाया है कि वो उन्हें नंगा कर के पीटती हैं। उज्जैन जिले के गोनसा गांव के सरकारी स्कूल की प्राचार्य पर यह भी आरोप है कि उनसे स्कूल में झाड़ू लगवाने और साफ-सफाई करवाने का काम करवाया जाता है। आरोप लगाने वालों में स्कूल में पढ़ने वाली छात्राएं भी शामिल हैं। शिकायत मिलने के बाद उज्जैन कलेक्टर आशीष सिंह ने जिला शिक्षा अधिकारी और एसडीएम को जांच के आदेश दिए हैं। छात्र-छात्राओं का यह भी आरोप है कि जब वो अपने साथ मारपीट की शिकायत करने की बात करते हैं तो स्कूल की प्राचार्य समता जैन उन्हें जान से मारने की धमकी भी देती हैं। स्कूल के बच्चों का कहना है कि प्रतिदिन स्कूल में उनसे टाट-पटिया बिछवाई जाती है। वही झाड़ू-पोछे लगवाए जाते हैं। इसके अलावा बाथरूम में जाने भी नहीं दिया जाता है। स्कूल के टीचरों के लिए बाथरूम में पानी भी बच्चों से ही भरवाया जाता है। कक्षा आठवीं के छात्र रवि ने बताया कि 15 अगस्त पर अधिकारियो से बच्चों को शिकायत करने से मना किया गया और कहा कि अगर किसी को कुछ भी कहा तो ऊपर भिजवा देंगे। क्लास में मस्ती करने पर प्राचार्य द्वारा कपड़े उतार कर डंडे से पिटाई करती है।
कक्षा सातवीं और आठवीं की छात्राओं ने बताया कि स्कूल आने पर झाड़ू-पोछा लगवाए जाते हैं। जिस दिन जिसकी बारी होती है उस दिन उसे झाड़ू-पोछा लगाना होता है। इसी तरह स्कूल के कई बच्चों और परिजनों ने नंगा करके मारपीट करने के आरोप प्राचार्य पर लगाए हैं।
इस मामले में स्कूल की प्राचार्या से जब चर्चा की गई तो समता जैन ने कहा कि आसपास जंगल जैसा माहौल है। इसलिए कक्षा में सांप, बिच्छू, कीड़े, मकोड़े आते हैं। जाते वक्त बच्चो से टाट पट्टी समेट कर रखने के लिए कहते हैं। बच्चे गलती करते हैं तो कई बार मारते भी हैं।
गोनसा गांव के सरकारी स्कूल प्राचार्य समता जैन की मारपीट वाली शिकायत मिलने के बाद उज्जैन जिला कलेक्टर आशीष सिंह ने शिक्षा विभाग के डीईओ को जांच के आदेश दिए हैं। वहीं आवश्यकता पड़ने पर एसडीएम जांच भी करवाने की बात भी कही है।




