बच्चों को शिक्षित करने के साथ ही उनके समग्र विकास के लिये संचालित की जा रही आंगनबाड़ी केन्द्रों को और बेहतर बनाने में समाज भी आगे आया है। यह एक शुभ संकेत है। ग्वालियर शहर की रेशममिल में संचालित बाल शिक्षा केन्द्र इसका एक आदर्श उदाहरण भी है। प्रदेश के जल संसाधन एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण करने के उपरांत यह बात कही।
आंगनबाड़ी केन्द्र के निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री कमल माखीजानी सहित जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने आंगनबाड़ी केन्द्र पहुँचकर बच्चों से मुलाकात की और उनसे आत्मीय चर्चा की। आंगनबाड़ी केन्द्र पर पोषण सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रम में शामिल महिलाओं से भी उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र के संचालन के संबंध में विस्तार से चर्चा की। प्रभारी मंत्री एवं ऊर्जा मंत्री ने बच्चों को फलाहार एवं टॉफी भी वितरित की। आंगनबाड़ी केन्द्र में समाजसेवक श्री हेमंत निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए टीव्ही, एसी एवं वाटर कूलर की सुविधा को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और श्री हेमंत निगम को इस नेक कार्य के लिये बधाई भी दी।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि रेशममिल आंगनबाड़ी केन्द्र में जिस प्रकार जन सहयोग से समाज के लोगों ने सहयोग किया है ऐसा ही सहयोग हर आंगनबाड़ी केन्द्र पर समाज की सहभागिता से किया जाना चाहिए




