पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश में जदयू के सभी विधायकों के भाजपा में शामिल होने से पूर्वोत्तर के दो राज्य जदयू मुक्त हो गए और अब बिहार की बारी है। दावा किया कि लालू प्रसाद यादव जल्द ही बिहार को जदयू मुक्त कर बेटे को मुख्यमंत्री बनाने का सपना पूरा करेंगे। सुशील मोदी ने शनिवार शाम जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भाजपा से विश्वासघात कर गठबंधन तोड़ने के कारण दोनों राज्यों में जदयू के विधायक नाराज थे। जदयू की अन्य प्रदेश इकाइयों में भी जल्द विद्रोह होगा।उन्होंने कहा कि जदयू पैसे लेकर दल-बदल कराने का अनर्गल आरोप लगा रहा है, जबकि सच यह है कि नीतीश कुमार की नीति और नीयत के विरुद्ध उनकी पार्टी में भारी विरोध पनप रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से पूर्व दो राज्यों में बड़ा झटका लगना नेतृत्व के अहंकार पर सीधा प्रहार है।




