Saturday, May 9, 2026
spot_img
Homeमध्यप्रदेशभोपाल में मंगलवार को सभी स्कूल बंद, मौसम विभाग ने कहा- बारिश...

भोपाल में मंगलवार को सभी स्कूल बंद, मौसम विभाग ने कहा- बारिश से राहत अभी नहीं

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत अन्य कई जिलों में बारिश का कहर जारी है। राजधानी भोपाल में अत्यधिक बारिश ने यहां आम जनजीवन को काफी प्रभावित किया है। इस बीच प्रशासन ने भोपाल में 23 अगस्त यानी मंगलवार को सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। भोपाल प्रशासन की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है, ‘भोपाल जिले में लगातार हो रही अतिवृष्टि को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, नवोदय सीबीएसई से संबंधित समस्त प्राथमिक, माध्यमिक हाई स्कूल हायर सेकेंडरी विद्यालय में दिनांक 23 अगस्त को विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया जाता है।

भोपाल में तेज हवाओं के साथ लगातार हो रही बारिश ने करीब आधे से ज्यादा शहर की बिजली गुल कर दी। जगह-जगह पर पेड़ गिरने और जलभराव की खबरें हैं। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला कलेक्टर ने सभी स्कूलों में अवकाश रहने की घोषणा कर दी है। आज बारिश के कारण स्थानीय बोट क्लब पर क्रूज के बड़े हिस्से और कई नावें डूबने के वीडियो सुबह से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वहीं खराब मौसम के कारण सुबह से कई विमान सेवाओं को भी डायवर्ट किए जाने की भी सूचना है।

नदियां-नाले उफान पर

इससे पहले भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को रेड अलर्ट जारी किया था। जिसमें राज्य के पश्चिमी हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक वर्षा के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया था। प्रदेश के बड़े हिस्से में नदियां, नाले और अन्य जल स्त्रोत उफान पर हैं और पानी छोड़ने के लिए कई बांधों के द्वार खोल दिए गए हैं।

विशेषकर पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई सड़कों पर कम दृश्यता के कारण वाहनों की आवाजाही कम रही। प्रदेश के कुछ निचले इलाकों में जलजमाव की खबरें हैं। आईएमडी ने लोगों को मूसलाधार बारिश के बीच यात्रा करने से बचने की सलाह दी है। सोमवार को भोपाल और आसपास के इलाकों में भारी बारिश हुई। अधिकारियों ने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण भोपाल और जबलपुर सहित कुछ जिलों में सोमवार को स्कूल बंद रहे।

बारिश से अभी राहत नहीं

आईएमडी के भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी वेद प्रकाश सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ” भोपाल और सागर के पास मध्य प्रदेश के मध्य भागों में दबाव बना हुआ है। इसलिए आज रात तक भोपाल, नर्मदापुरम, सागर और ग्वालियर संभाग में बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।” दबाव के पश्चिम की ओर (मध्य प्रदेश में गुना और राजस्थान की ओर) बढ़ने की संभावना है। अधिकारी ने कहा कि जब मध्य प्रदेश में दबाव पश्चिम की ओर बढ़ जाएगा इसके परिणामस्वरूप इंदौर और उज्जैन संभागों में भी रात में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है ।

बैतूल में नदी-नाले उफान पर

इधर बैतूल जिले में रविवार से हो रही लगातार बारिश के चलते नागपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन बंद हो गया है। इस राजमार्ग पर स्थित सुखतवा नदी उफान पर होने से आज तड़के से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।  पुलिस सूत्रों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण सुखतवा नदी उफान पर होने से बनाए गए अस्थाई पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण इस मार्ग को बंद कर दिया गया है। ऐसे में मार्ग के दोनों तरफ कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई है। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर है।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular