Monday, May 11, 2026
spot_img
Homeबैतूलबैतूल के डायल 112 हीरोज

बैतूल के डायल 112 हीरोज

संवेदनशीलता और सतर्कता से भटके मासूम बच्चों को सुरक्षित घर पहुँचाया

बैतूल जिले के थाना सारणी क्षेत्र में डायल-112 जवानों की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता से परिजनों से बिछड़कर रास्ता भटक गए दो मासूम बच्चों को सुरक्षित उनके परिवार से मिलाया गया। समय पर की गई इस कार्रवाई से बच्चों को सुरक्षित संरक्षण मिला और परिजनों की चिंता दूर हो सकी।

10 मई को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना सारणी क्षेत्र अंतर्गत हरिफाटक के पास दो छोटे बच्चे अकेले मिले हैं, जो अपने घर का रास्ता भटक गए हैं। पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही सारणी थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।

डायल 112 स्‍टॉफ सैनिक श्री राजेश सिरसाम एवं पायलट श्री कैलाश उइके ने बच्चों को सुरक्षित संरक्षण में लिया। पूछताछ में पता चला कि एक बालक लगभग 6 वर्ष एवं दूसरा लगभग 4 वर्ष का है, जो परिजनों से बिछड़ गए थे।

डायल-112 जवानों ने बच्चों को एफआरव्ही वाहन में साथ लेकर आसपास क्षेत्र में परिजनों की तलाश प्रारंभ की तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की। लगातार प्रयासों के दौरान बच्चों के परिजनों के परिचित मिले, जिनसे जानकारी प्राप्त कर टीम बच्चों को उनके घर लेकर पहुँची।

घर पहुँचने पर बच्चों की माता मिलीं, जिन्हें पहचान एवं सत्यापन उपरांत दोनों बच्चों को सुरक्षित सुपुर्द किया गया। अपने बच्चों को सकुशल पाकर परिवार ने राहत महसूस की और डायल-112 सेवा का आभार व्यक्त किया।

डायल 112 हीरोज श्रृंखला के अंतर्गत यह घटना दर्शाती है कि मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा बच्चों की सुरक्षा और सहायता के लिए हर परिस्थिति में संवेदनशीलता, धैर्य और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने हेतु सदैव प्रतिबद्ध है।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular