उच्च शिक्षा विभाग ने जारी किए दिशा निर्देश, विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन और टोल फ्री नंबर जारी
भोपाल : बुधवार, अप्रैल 29, 2026,
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विद्यार्थियों को महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए प्रेरित करने के लिए कॉलेज चलो अभियान का दूसरा चरण चलाया जा रहा है। विभाग द्वारा इस संबंध में दिशा निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिकतम पात्र विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ना तथा प्रवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं छात्र हितैषी बनाना है। विभाग द्वारा जारी किए गए निर्देश अनुसार सभी महाविद्यालयों में प्रवेश सहायता केन्द्र स्थापित किए जाएंगे। कक्षा 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों से संपर्क कर उनका पंजीयन सुनिश्चित किया जाएगा। एनसीसी/एनएसएस के सहयोग से ड्रॉप-आउट विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें पुनः शिक्षा से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही विकासखंड स्तर पर “प्रवेश मेले” आयोजित किए जाएंगे तथा ePravesh ऐप व पोर्टल के माध्यम से पंजीयन को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही, छात्राओं एवं कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। विभाग की यह पहल अधिकाधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
जिला स्तर पर मजबूत समन्वय, अब हर विद्यार्थी तक पहुंचेगी प्रवेश सुविधा
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए महाविद्यालयीन प्रवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं छात्र हितैषी बनाने के लिए जिला स्तरीय प्रवेश नोडल अधिकारियों को समन्वय संबंधी निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों के तहत विद्यार्थियों को प्रत्येक चरण में समयबद्ध मार्गदर्शन, तकनीकी सहायता एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही महाविद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय से प्रवेश प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित किया जाएगा। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प सेंटर , जागरूकता अभियान एवं सतत मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। इससे अधिकाधिक छात्र-छात्राओं के उच्च शिक्षा से जुड़ सकेंगे।
विभाग ने जारी किए हेल्पलाइन एवं हेल्पडेस्क
प्रवेश प्रक्रिया के दौरान छात्रों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से करने के लिए विभाग ने हेल्पलाइन व्यवस्था बनाई है। 24×7 घंटे हेल्पडेस्क का संचालन किया जाएगा। साथ ही ई प्रवेश संबंधित जानकारी के लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 8000063632 और टोल-फ्री नंबर 18008908399 जारी किए हैं।




