भोपाल : शुक्रवार, मार्च 13, 2026,
यंग इंडियंस भोपाल चैप्टर द्वारा 13 से 15 मार्च 2026 तक वेस्टर्न रीजन काउंसिल मीटिंग 2026 का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन के पहले दिन शुक्रवार को खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने छोटे तालाब में आयोजित रोइंग (नौकायन) प्रतियोगिता का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि जब देश के युवा उद्यमी और व्यवसायी राष्ट्र की प्रगति में योगदान देते हैं, तो उसका प्रभाव समाज और अर्थव्यवस्था पर अत्यंत सकारात्मक और व्यापक होता है। उन्होंने युवा नेतृत्व को भारत की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण आधार बताया। इस क्षेत्रीय सम्मेलन में महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा और मध्यप्रदेश के 15 शहरों से 200 से अधिक युवा उद्यमी, उद्योगपति, पेशेवर और युवा नेता शामिल होंगे।
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि यह आयोजन विचारों के आदान-प्रदान के साथ भोपाल शहर के आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण अवसर निर्माण करेगा। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधि शहर की संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और आतिथ्य का आनंद लेंगे, जिससे स्थानीय व्यापार, होटल उद्योग, परिवहन और सेवा क्षेत्र को भी सकारात्मक प्रोत्साहन मिलेगा।
यंग इंडियंस देशभर के उभरते हुए युवा नेताओं का एक प्रभावशाली मंच है। इसका उद्देश्य युवाओं को नेतृत्व, उद्यमिता और सामाजिक जिम्मेदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। यह मंच युवाओं को एक साथ जोड़कर नवाचार, सहयोग और जिम्मेदार नेतृत्व के माध्यम से समाज और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करता है।
सम्मेलन में होगा 2000 पौधों का वृक्षारोपण
पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए यंग इंडियंस भोपाल इस सम्मेलन के दौरान कार्बन उत्सर्जन की भरपाई के उद्देश्य से 2000 पौधों का रोपण करने जा रहा है। यह पहल हरित और सतत भविष्य के प्रति एक सामूहिक संकल्प है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।




