छिन्दवाडा : बुधवार, मार्च 11, 2026,
शासन की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन कर जरूरतमंद लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड छिंदवाड़ा द्वारा ग्राम पंचायत घाटपरासिया में गत दिवस नवांकुर समिति अपूर्वा फाउंडेशन, सेक्टर क्रमांक-3 के सहयोग से विकासखंड के चयनित 5 ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन, अपूर्वा फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री संजय साहू तथा परामर्शदाता श्री श्यामल राव उपस्थित थे। इस अवसर पर जिला समन्वयक श्री जैन ने कहा कि जन अभियान परिषद नवांकुर संस्थाओं के सहयोग से सभी ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों को एक मंच पर लाकर प्रशिक्षण दे रहा है, ताकि सदस्य आपस में अपने-अपने क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों पर चर्चा कर अनुभव साझा करें और अपने कार्यों को और बेहतर बना सकें।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में समिति सदस्यों को अवधारणा, उद्देश्य, प्रस्फुटन योजना, सृजन, लक्ष्य तथा उपलब्धि के गुरों के बारे में जानकारी दी गई। परामर्शदाता श्री श्यामल राव ने प्रस्फुटन समितियों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि समितियां अपने-अपने ग्रामों में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में सेतु का कार्य करते हुए जरूरतमंद व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़कर उन्हें लाभान्वित करती हैं। उन्होंने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, जल संरक्षण, आपदा प्रबंधन, आदर्श ग्राम की कल्पना तथा जनसेवा एवं सामुदायिक नेतृत्व विकास जैसे विषयों पर भी जानकारी दी।
अपूर्वा फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री संजय साहू ने स्वयंसेवी संस्थाओं के गठन एवं प्रबंधन, सोसायटी रजिस्ट्रेशन, संस्थाओं के वित्तीय एवं अभिलेख संधारण, दस्तावेजों के रखरखाव व दुरुस्तीकरण तथा बैठक एवं गतिविधियों की कार्यवाही की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।
प्रशिक्षण सत्र में सीएमसीएलडीपी छात्रों एवं समिति सदस्यों ने अपने-अपने कार्यों के अनुभव भी साझा किए। कार्यक्रम के अंत में जिला समन्वयक श्री जैन के हस्ते उपस्थित सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इनमें ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्य एवं सीएमसीएलडीपी छात्र-छात्राएं ममता धुर्वे, हेमंत डेहरिया, देवलाल वर्मा, इंटर्न रितु बोपचे, आयुषा सरसवार, संघमित्रा ढोले, चितेश डेहरिया, सुष्मा मिश्रा, स्वाति सार्वे, शिवांगी साहू, हरीराम कवडेकर, शुभम शर्मा एवं शीतल श्रीवास शामिल थे।




