मध्यप्रदेश में हैं 48 चीते, 28 शावक तो यहीं जन्मे
भोपाल : 28 फरवरी, 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि कभी एशिया से विलुप्त हो चुके चीते अब भारत की धरती पर रफ्तार भर रहे हैं। मध्यप्रदेश, देश में चीतों का एकमात्र अपना घर है, जहां विशेष प्रयासों के तहत बोत्सवाना से लाए गए 9 चीतों (6 मादा और 3 नर) को शनिवार को केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रारंभ हुआ ‘प्रोजेक्ट चीता’ मप्र में निरंतर सफलता की ओर अग्रसर है। यह केवल वन्यजीव पुनर्स्थापन नहीं, बल्कि देश में चीतों की स्थायी आबादी बसाने और पारिस्थितिकीय संतुलन बहाल करने का दृढ़ संकल्प है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस दूरदर्शी पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी का आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश इस ऐतिहासिक दायित्व को पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभा रहा है। यह बेहद गर्व का विषय है कि अब हमारे यहां चीतों की संख्या बढ़कर 48 हो गई है, जिनमें 28 शावक तो भारत में ही जन्मे हैं।




