अशेाक नगर : सोमवार, सितम्बर 22, 2025,
राष्ट्रीय पोषण माह 2025 के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग अशोकनगर द्वारा संस्था रॉकेट लर्निंग के सहयोग से जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा (ECCE) आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस आयोजन का नेतृत्व जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती चंद्रसेना भिड़े द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्टोरी टेलिंग, पपेट शो और एक्टिविटी आधारित शिक्षण जैसी मनोरंजक एवं शिक्षाप्रद गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनका उद्देश्य बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता और सीखने की रुचि को प्रोत्साहित करना रहा। परियोजना ईसागढ़ के वार्ड क्रमांक 07 स्थित कचहरी आंगनवाड़ी केंद्र पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में संस्था रॉकेट लर्निंग के जिला समन्वयक श्री विपिन रघुवंशी की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों और उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अपने माता-पिता के साथ विभिन्न खेलों में भाग लेकर सीखने की प्रक्रिया को आनंददायक बनाया। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह का उद्देश्य न केवल पोषण संबंधी जागरूकता फैलाना है, बल्कि बच्चों के समग्र विकास के लिए शिक्षा और खेल आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देना भी है। संस्था रॉकेट लर्निंग और महिला एवं बाल विकास विभाग के सभी कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर बच्चों और अभिभावकों को पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी और उन्हें दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएँ और स्थानीय समुदाय के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक विकास में सकारात्मक प्रभाव डालते हैं।




