कुरवाई में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में डेढ़ सौ से अधिक की समस्याओं को सुना गया
विदिशा : मंगलवार, जुलाई 1, 2025,
जुलाई माह की पहली जिला स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम कुरवाई के आजीविका भवन में आयोजित की गई थी कुरवाई विधायक श्री हरि सिंह सप्रे, कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने आवेदकों से रूबरू होकर उनकी समस्याओं को जाना और निराकरण की पहल करते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से समाधान कराए गए हैं।
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने अधिकारियों से कहा कि जिला मुख्यालय की तर्ज पर आयोजित इस जनसुनवाई कार्यक्रम की महत्वत्ता और उपस्थिति आवेदनों के निराकरण पर निर्भर है यहां से एक भी आवेदनकर्ता के विश्वास को ठेस ना पहुंचे ऐसी कार्यप्रणाली परलिक्षित होना चाहिए।
– स्वेच्छानुदान –
कुरवाई विधायक श्री हरि सिंह सप्रे ने जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान दो आवेदकों को अपनी विधायक निधि से स्वेच्छानुदान की राशि देने की मौके पर घोषणा की है। उन्होंने भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय में अध्यनरत छात्र विवेक चैधरी को फीस जमा करने के लिए दस हजार रुपए तथा कुरवाई के वयोवृद्ध निर्मल सिंह राठौड़ को इलाज के लिए सात हजार रुपए देने की घोषणा की है।
विधायक श्री हरि सिंह सप्रे ने कहा कि कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता द्वारा विकासखंड मुख्यालय पर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर कुरवाई विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को एक नवीन सौगात दी है निश्चित ही इस से क्षेत्र की जनता को अपनी समस्याओं को हल कराने में मदद मिली है।
– योजनाओं की जानकारी –
जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान अनेक आवेदकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारियां सांझा की गई हैं। जिसमें प्रमुख रूप से स्व-रोजगार स्थापित करने के लिए आईटीआई के माध्यम संचालित विभिन्न पाठ्यक्रम में दाखिला लेने की सलाह दी गई है।
– गंभीरता से सुनी समस्याएं –
कुरवाई की आजीविका भवन में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आवेदको की समस्याओं को कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने गंभीरता से सुना। इस दौरान ग्राम आगासोद के आवेदक श्री सादिक खान ने डीटीआर को निजी भूमि में शिफ्ट करने, ग्राम केशवपुर के श्री इस्लाम खान ने स्कूल के पास डीटीआर शिफ्ट फेसिंग होना, ग्राम करमोदिया के आवेदक श्री राधेकृष्णा, लीलापति गौशाला समिति से संबंधित समस्या से अवगत कराया, ग्राम भौंरासा के आवेदक श्री गोपाल अहिरवार ने डीपी रखने संबंधी, ग्राम कैथोरा के श्री खुशीलाल ने भी अपनी समस्या बताई, ग्राम जरगुंवा के श्री शिवराम सिंह चिड़ार ने मजरा टोला तक विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्या, कृषि पंप से संबंधित समस्या के अलावा ग्राम पौथी के ग्रामवासियों ने पीएम जनमन योजना तहत एमआर चालू करने के संबंध में अपनी समस्या से अवगत कराया था। इन सभी समस्याओ के निराकरण के लिए कलेक्टर द्वारा मौके पर ही संबंधित विभागो के अधिकारियों कोे निर्देश देकर समस्याओं का निराकरण कराने की पहल की है।
– जनसुनवाई में आवेदकों को अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराईं –
कुरवाई में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आवेदकों को अतिरिक्त सुविधाएं कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशन में मुहैया कराई गई थीं। जिनमें आवेदन लिखने के लिए स्टाफ, पंजीयन और पावती हेतु कांउटर, आवेदकों को बैठने के लिए टेंट, कुर्सियां, पीने के लिए शुद्ध पेयजल, चिकित्सा सेवाएं कैंप, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी, फार्मर आईडी बनाने के लिए भी पृथक-पृथक काउंटर बनाए गए थे। इस दौरान मौके पर 46 नागरिकों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। सामान्य बीमारियों से पीड़ित पाए गए मरीजों को निःशुल्क दवाई प्रदाय की गई तथा 37 नागरिकों के आयुष्मान कार्ड, पांच की फार्मर आईडी और 13 नागरिकों के आधार कार्ड की त्रुटियों में सुधार कार्यों का संपादन किया गया है।




