विकसित कृषि संकल्प अभियान अंतर्गत जिले 135 ग्राम के 15 हजार से अधिक कृषकों को तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया
विदिशा : शुक्रवार, जून 13, 2025,
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन में विकसित कृषि संकल्प अभियान का क्रियान्वयन विदिशा जिले में संपन्न हुआ है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार एवं ग्रामीण विकास विभाग के द्वारा आयोजित विकसित कृषि संकल्प अभियान का ग्यारसपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत धौखेड़ा, नटेरन विकासखंड की ग्राम पंचायत सतपाड़ा हाट एवं लटेरी विकासखंड की ग्राम पंचायत मुडरा रतनसी में कार्यक्रम का आयोजन कर समापन किया गया।29 मई से 12 जून तक चले इस विकसित कृषि सकंल्प अभियान में विदिशा जिले के सभी विकासखंड की कुल 135 ग्राम के 15 हजार से अधिक कृषकों को तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया।
इस अभियान में कृषि विज्ञान केन्द्र, रायसेन के वैज्ञानिक श्री रंजीत सिंह राघव, श्री सुनील केथवास एवं डॉ. ब्रहमानंद शुक्ला के द्वारा कृषकों को तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया साथ ही इस अभियान में भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान, भोपाल के वैज्ञानिक डॉ आर.एस. चैधरी,डॉ प्रभात त्रिपाठी, डॉ आशा साहू, डॉ. संजय श्रीवास्तव, डॉ. एस.आर. मोहन्ती, डॉ. खुशबू रानी, डॉ आर एलेनछेझियान, डॉ. शिनोगी के.सी., केन्द्रीय कृषि अभियात्रिकी संस्थान, भोपाल के वैज्ञानिक डॉ. वी के भार्गव, डॉ. सुखबीर सिंह, डॉ. दिलीप जाट, डॉ. यू.आर. बड़ेगांवकर, डॉ दिलीप ए. पवार एवं राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान, भोपाल के वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार, डॉ. संदीप भाटिया, डॉ. अतुल पटेरिया द्वारा कृषकों को मार्गदर्शन दिया गया।
विकसित कृषि संकल्प अभियान के 15 दिवसीय कार्यक्रम के दौरान कृषकों को फसल व किस्म में बदलाव, मृदा परीक्षण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, नरवाई प्रबंधन, प्राकृतिक व जैविक खेती, खरीफ फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीक, रेड बैड पद्धति से बुवाई, धान की सीधी बुवाई तकनीक, एकीकृत कीट रोग प्रबंधन तकनीक, ड्रोन तकनीक, मोटा अनाज उत्पादन तकनीक, पशुपालन, टीकाकरण, बकरी पालन, मुर्गी पालन व मछली पालन आदि विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी देकर कृषकों की आय में वृद्धि करने का प्रयास किया गया है।
इस अभियान के दौरान कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग, उपज मण्डी, इफको, बिजली विभाग, राजस्व विभाग, सहकारिता विभाग, कॉपरेटिव बैंक फसल बीमा अधिकारी व अन्य विभागों का भी योगदान रहा। विभागीय अधिकारियों के द्वारा प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना, किसान सम्मान निधि, कृषि सिंचाई योजना, कृषि विकास योजना, मत्स्य संपदा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पशु क्रेडिट कार्ड, राष्ट्रीय पशु धन एवं डेयरी विकास योजना की जानकारी कृषकों को दी गई।




