समय – सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित
भोपाल : सोमवार, जून 2, 2025,
कलेक्टर श्री कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देशन में सोमवार को जिला स्तरीय टीएल बैठक का आयोजन एडीएम श्री अंकुर मेश्राम एवं श्री प्रकाश नायक की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। बैठक में सभी एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण हेतु विशेष निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस सप्ताह सभी एसडीएम एवं विभागीय अधिकारी व्यक्तिगत रूप से लंबित शिकायतों की निगरानी करें और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं। बिना कारण किसी भी शिकायत को फोर्स क्लोज न किया जाए और जिन शिकायतों का निपटारा असंतोषजनक रहा है, उन्हें पुनः निराकृत किया जाए।
वर्षा पूर्व बाढ़ आपदा प्रबंधन की तैयारियों की चर्चा करते हुए एडीएम श्री मेश्राम ने निर्देश दिए कि सभी एसडीएम और नगर निगम क्षेत्र में बाढ़ संभावित क्षेत्रों की पहचान कर राहत प्रबंधन की समुचित कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने प्राकृतिक जलाशयों, जल निकासी मार्गों, नदी-नालों से अतिक्रमण हटाने, तालाबों एवं बांधों के निरीक्षण और जर्जर भवनों की सूची बनाकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, आपातकालीन सेवाओं जैसे सड़क, संचार और पुलों के रखरखाव, राहत शिविर स्थलों का पूर्व चिन्हांकन, वार्ड-वार आपदा प्रबंधन समितियों का गठन तथा सूचना संप्रेषण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु भी निर्देश जारी किए गए। कंट्रोल रूम के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया गया।
बैठक में जिले के सभी एसडीएम, नगर निगम अधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




