ndia Alliance Mega Rally Live Update In Delhi Ramlila Maidan : देश में लोकसभा चुनाव 2024 का बिगुल बज चुका है। राजनीतिक पार्टियां अपने-अपने तरीके से चुनाव प्रचार में जुटी हैं। दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की मेगा रैली हो रही है, जिसमें काफी तादात में भीड़ जुटी है। इस रैली का नाम ‘तानाशाही हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ रखा गया है। विपक्षी नेता मंच पर जुट गए हैं और जनसभा को संबोधित कर रहे हैं।
चुनावी में मैच फिक्सिंग का लक्ष्य : राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि मैच फिक्सिंग का एकमात्र लक्ष्य, हिंदुस्तान की जनता के हाथ से संविधान छीनना है। मीडिया खरीदा जा सकता है, लेकिन आप हिंदुस्तान की आवाज को नहीं खरीद सकते। दुनिया की कोई ताकत हिंदुस्तान की आवाज को नहीं दबा सकती है। नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि विपक्ष चुनाव न लड़ पाए. इसलिए इलेक्शन कमीशन में अपने लोग बिठाए, दो मुख्यमंत्री को जेल में डाला, कांग्रेस के बैंक अकाउंट बंद कर दिए, न्यायपालिका पर दबाव डाल रहे हैं। ये सब इसलिए कि मैच फिक्स हो, संविधान रद्द किया जाए और नरेंद्र मोदी सत्ता में रहें। हमारे दो खिलाड़ियों को जेल में डाल दिया।
संविधान को बचाना हमारी जिम्मेदारी : शरद पवार
शरद पवार ने कहा कि इस सरकार (केंद्र सरकार) ने दिल्ली के सीएम, झारखंड के सीएम को गिरफ्तार किया है और विभिन्न राज्यों के कई अन्य नेताओं को भी जेल में डाल दिया है। यह कार्रवाई लोकतंत्र पर हमला है और संविधान को बचाना हमारी जिम्मेदारी है।
इंडिया गठबंधन को नहीं छोड़ेंगे
जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन जैसे गिरफ्तार किए गए सभी नेता तभी आजाद होंगे जब आप सभी संविधान को थाम लेंगे। चुनाव में वो बटन दबाएं जो इस सरकार को हटा दे। हम सबको एक साथ आना होगा और साथ चलना होगा। हम इस गठबंधन को कभी नहीं छोड़ने वाले हैं।
अगर आप 400 सीट जीत रहे हैं तो नेता से क्यों डरते हैं : अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि ये लोग ‘400 पार’ का नारा दे रहे हैं। अगर आप 400 से ज्यादा सीटें जीतने जा रहे हैं तो आप नेता से क्यों डरते हैं। आपने चुने हुए मुख्यमंत्रियों को जेल भेजा है, न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया इसकी आलोचना कर रही है। बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी होने का दावा करती है, लेकिन यह ब्रह्मांड की सबसे बड़ी झूठी पार्टी है। अगर उन्हें सत्ता में बने रहने के लिए ईडी, सीबीआई और आईटी का उपयोग करना है, तो वे 400 जीतेंगे नहीं बल्कि 400 हारेंगे। भाजपा ने ईडी और सीबीआई का उपयोग करके सबसे अधिक धन जुटाया है।
महागठबंधन की रैली में क्या बोले तेजस्वी यादव
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि ईडी, सीबीआई और आईटी बीजेपी की कोशिकाएं हैं। लालू को कई बार परेशान किया गया है, मेरे खिलाफ केस हुए हैं। मेरी मां, मेरी बहनें, मेरे जीजा, मेरे पिता के सभी रिश्तेदार के खिलाफ मामले थे। हमारे कई नेताओं पर इस समय छापे पड़ रहे हैं। ईडी, आईटी के छापे चल रहे हैं, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं, हम संघर्ष करेंगे। केवल शेर ही पिंजरे में बंद होते हैं। हम सभी शेर हैं। हम आपके लिए लड़ रहे हैं।




