भोपाल। प्रत्याशियों का फार्म भरवाने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदेश की अलग-अलग 29 लोकसभा सीटों पर जाएंगे। इसके तहत बुधवार को मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव सीधी से भाजपा प्रत्याशी डा. राजेश मिश्रा का नामांकन पत्र भरवाकर शुरुआत करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के भी कार्यक्रम बनाए जा रहे हैं।सोमवार को लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में छिंदवाड़ा, बालाघाट, सीधी और मंडला लोकसभा क्षेत्र की टोलियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक को मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, पार्टी के लोकसभा चुनाव के सह प्रभारी सतीष उपाध्याय एवं पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने संबोधित किया।बैठक में केंद्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते, प्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद पटेल, संपतिया उईके, पार्टी के प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत, सरदेंदु तिवारी एवं प्रदेश महामंत्री व सांसद कविता पाटीदार सहित चारों जिलों के जिला अध्यक्ष व लोकसभा टोली के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
क्षेत्र में निकलें, जनता से करें संपर्क
मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि समय अब बैठकर कार्य करने का नहीं है। टोली प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में जनता से संपर्क करें। डबल इंजन की सरकार के कार्यों के साथ जनता के बीच जाए और भाजपा की रीति नीति से भी अवगत कराएं। लोकसभा चुनाव में पार्टी को ऐतिहासिक विजय दिलाने के साथ 400 से अधिक सीटें जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ना है, नरेन्द्र मोदी को फिर प्रधानमंत्री बनाना है।




