Thursday, May 7, 2026
spot_img
Homeबैतूलकलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सूर्यवंशी ने जनप्रतिनिधियों को सौंपी अंतिम...

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सूर्यवंशी ने जनप्रतिनिधियों को सौंपी अंतिम मतदाता सूची जिला स्टैंडिंग कमेटी की बैठक जन प्रतिनिधियों के साथ संपन्न

बैतूल,दिनांक 8 फरवरी 2024
लोकसभा निर्वाचन 2024 के अंतर्गत फोटो निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी की अध्यक्षता में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। कमेटी के समक्ष लोकसभा निर्वाचन के लिए जिले की 5 विधानसभा आमला, घोडाडोंगरी, भैंसदेही, मुलताई एवं बैतूल क्षेत्र के मतदाताओं की प्रकाशित अंतिम सूची, मतदान केन्द्रों की सूची एवं पांचों विधानसभा क्षेत्र से संबंधित डीव्हीडी जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बैठक में उपस्थित मान्यता प्राप्त राजनैतिक पार्टियों के जनप्रतिनिधियों को सौंपी। राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों की ओर से आईएनसी श्री हेमंत पगारीया एवं श्री देवेन्द्र बाघ, भाजपा के श्री कैलाश घोटे और श्री पवन यादव, आप पार्टी से श्री शैलेन्द्र वाईकर, बसपा से श्री जी.आर.पटेल आईएनसी प्रवक्ता श्री देवेन्द्र एवं अधिकारियों में मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर विकास श्री अक्षत जैन, एडीएम श्री जय प्रकाश सैय्याम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मकसूद अहमद उपस्थित थे।
12,29,841 मतदाता करेंगे अपने अधिकारों का उपयोग
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अहमद ने बताया कि  6 जनवरी 2024 को हुए मतदाता सूची के  प्रारूप प्रकाशन की तिथि से लगभग एक माह अंदर अंतिम प्रकाशन तिथि 8 फरवरी 2024 की स्थिति में 6687 मतदाताओं की बढोतरी हुई है। इनमें आमला विधानसभा क्षेत्र में 115 मतदाता कम हुए हैं। जिनमें बारे मे श्री हेमंत पगारिया ने बताया कि सारणी क्षेत्र में खदाने बंद होने के कारण विस्थापन की स्थिति बन जाती है। अंतिम मतदाता सूची के अनुसार 12 लाख 29 हजार 841 मतदाता अपने अधिकारों का उपयोग करेंगे। इनमें मुलताई विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 31 हजार 354, आमला में 2 लाख 14 हजार 977, बैतूल में 2 लाख 56 हजार 157, घोड़ाडोंगरी में 2 लाख 62 हजार 825 एवं भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 64 हजार 528 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें सबसे कम मतदाता आमला में और सर्वाधिक मतदाता भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र से हैं।
पुरुष मतदाता की संख्या ज्यादा
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में महिला मतदाताओं की तुलना में अधिक पुरुष मतदाता मतदान करेंगे। मुलताई में जहां 1 लाख 12 हजार 889 महिला मतदाता हैं वहां एक लाख 18 हजार 458 पुरुष मतदाता, आमला में 1 लाख 5 हजार 911 महिला मतदाताओं की तुलना में एक लाख 9 हजार 65, बैतूल में एक लाख 26 हजार 412 महिला मतदाताओं की तुलना में एक लाख 29 हजार 733 पुरुष, घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 30 हजार 355 महिला मतदाताओं के साथ एक लाख 32 हजार 465 पुरुष मतदाता और भैंसदेही में एक लाख 30 हजार 285  महिला मतदाताओं की तुलना में एक लाख 34 हजार 241 पुरुष मतदाता वोट डालेंगे। इसके अलावा 27 अलग संवर्ग के मतदाता मतदान करेंगे।
जिले में 16 हजार 671 नए मतदाता वोट डालेंगे
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लोकसभा निर्वाचन 2024 में जिले में 16 हजार 671 नए मतदाता वोट डालेंगे। घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 132 में जहां सर्वाधिक 4094 नए मतदाता है, इनमें 1 हजार 925 पुरुष मतदाता तथा 2 हजार 169 महिला मतदाता शामिल है। सबसे कम मुलताई विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 129 में 2 हजार 641 नए मतदाता है, इनमें 1 हजार 243 पुरुष मतदाता तथा 1398 महिला मतदाता शामिल है। इसके अलावा आमला विधानसभा क्षेत्र में 3 हजार 295 मतदाता है इनमें 1 हजार 643 पुरुष मतदाता तथा 1 हजार 652 महिला मतदाता शामिल है। बैतूल विधानसभा क्षेत्र में 3 हजार 295 नए मतदाता, जिनमें 1 हजार 562 पुरुष मतदाता तथा 1733 महिला मतदाता शामिल है। इसी प्रकार भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र में 3 हजार 346 नए मतदाता, जिनमें 1 हजार 609 पुरुष मतदाता तथा 1 हजार 737 महिला मतदाता शामिल है।
81 मतदान केन्द्र परिवर्तित
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अहमद ने बताया कि जिले के विधानसभा क्षेत्रों में 81 भवन जीर्ण-शीर्ण होने पर मतदान केन्द्र परिवर्तित किए गए है। उन्होंने बताया कि बैतूल विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 131 में कुल 19 मतदान केन्द्र परिवर्तित किए गए है। इसी तरह आमला विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 130 में कुल 23, घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र में 11 मतदान केन्द्र तथा भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 133 में कुल 28 मतदान केन्द्र परिवर्तित किए गए है।
उपकरणों एवं सामग्री की दरों का अनुमोदन
निर्वाचन कार्य में उपयोग आने वाले उपकरण, सामग्री की दरों का जनप्रतिनिधियों से अनुमोदन कराया गया। नोडल अधिकारी आय एवं व्यय सुश्री मीनाक्षी डहारे ने बिन्दूवार कार्य एवं दरों का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। जन प्रतिनिधियों ने तथ्यात्मक एवं व्यवहारिक रूप से अपनी सहमति देते हुए प्रस्ताव अनुमोदित किया। साउंड सिस्टम एवं गैस सिलेंडर पर प्रतिनिधि श्री हेमंत पगारिया द्वारा दिए प्रस्ताव को मान्य करते हुए दर में संशोधन किया गया। आवश्यक उपकरण मंे डोम, स्टेज सज्जा, होर्डिंग्स, म्यूजिक सिस्टम, भोजन एवं स्वल्पाहार, प्रचार-प्रसार के लिए वाहनों पर होने वाले व्यय पर जनप्रतिनिधियों द्वारा संशोधित दरों पर अनुमोदन कराया गया।
जन प्रतिनिधियों के प्रस्ताव को कलेक्टर ने प्राथमिकता के आधार पर अपनी सहमति दी।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular