Devi Ahilya Bai Punyatithi इंदौर। देवी अहिल्या बाई होलकर की 228 वीं पुण्यतिथि पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने राजवाड़ा स्थित मां अहिल्या बाई होलकर की प्रतिमा का पूजन कर माल्यार्पण किया। उन्होंने परंपरा अनुसार पूर्व सांसद और मां अहिल्या उत्सव समिति की अध्यक्षा सुमित्रा महाजन को पांच लाख रुपये की अनुदान राशि का चेक भी दिया। इस अवसर पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय मंत्री प्रहलाद पटेल, केबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, महापौर परिषद सदस्य निरंजनसिंह चौहान, पार्षद कमल वाघेला, कंचन गिदवानी, रूपाली पेंढारकर, राजेश गेंदर आदि उपस्थित थे।
जिला न्यायालय में आधे दिन होगा काम
बुधवार को अहिल्याबाई होलकर की पुण्यतिथि के चलते जिला न्यायालय और अधिनस्थ न्यायालयों में दोपहर डेढ बजे बाद काम नहीं होगा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बीपी शर्मा ने इस संबंध में आदेश पूर्व में ही जारी कर दिए हैं। हालांकि उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ में नियमित कामकाज जारी रहेगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बुधवार को इंदौर आ रहे हैं। वे दोपहर 12 बजे इंदौर पहुंचेंगे और पांच घंटे से अधिक समय तक यहां रहेंगे। इस दौरान वे महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन भी जाएंगे। योगी आदित्यनाथ को उज्जैन से लौटने के बाद राजवाड़ा स्थित उद्यान में स्थापित मां अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करना है। इसके बाद वे नाथ मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके अलावा शिवाजी चौराहा पर नगर निगम द्वारा आयोजित कार्यक्रम और रविंद्र नाट्य गृह में आयोजित कार्यक्रम में भी योगी आदित्यनाश शामिल होंगे। कार्यक्रमों के चलते पश्चिम शहर की यातायात व्यवस्था में कुछ बदलाव भी किया गया है। राजवाड़ा क्षेत्र को योगी आदित्यानाथ के आगमन की वजह से नो व्हीकल जोन घोषित कर दिया गया है।




