Indore News इंदौर। गोरक्षा एवं संवर्धन के उद्देश्य से इंदौर में पहली बार अनूठा आयोजन होने जा रहा है। इसमें गायों को लेकर अनुसंधान, कृपा कथा, गौ संगोष्ठियों जैसे आयोजन होंगे। श्राद्ध पक्ष के समय छह से 14 अक्टूबर तक यह नौ दिवसीय वेदलक्षणा गोश्रद्धा महामहोत्सव इंदौर के लाल बाग परिसर में होगा। इसमें कलश यात्रा, गोपूजन, गोपुष्टि यज्ञ भी होगा। आयोजन में देश भर से 1000 से भी अधिक संत-महात्मा एकत्रित होंगे, जो नौ दिनों तक गायों से जुड़े विभिन्न विषयों पर मंथन करेंगे।कार्यक्रम के आयोजक वेदलक्षणा गोश्रद्धा महामहोत्सव आयोजन समिति, श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा, कामधेनु गोअभ्यारणयं सालरिया हैं। आयोजन समिति के प्रमुख गौ ऋषि गोपालानंद सरस्वती महाराज हैं। आयोजन से जुड़े सूत्रों ने बताया कि प्रथम दिन कलश यात्रा छह अक्टूबर को रणजीत हनुमान मंदिर से लालबाग तक निकलेगी। सात से 13 अक्टूबर तक गोपूजन, गोपुष्टि यज्ञ देसी गोमाता के घी एवं गोवृति विद्वानों द्वारा संपन्न होगा। इसी तरह प्रतिदिन गौ संगोष्ठियां भी होंगी। इनमें देश भर से पधारे गोशाला संचालक, गोकृषि, पंचगव्य चिकित्सक, गोरक्षा, पंच गव्य उत्पाद, दुग्ध उत्पादक एवं विक्रेता, गो अनुसंधानकर्ता भाग लेंगे।
सर्वपितृ अमावस्या पर गो पुच्छ तर्पण
सर्वपितृ अमावस्या के दिन 14 अक्टूबर को गो पुच्छ तर्पण का विलक्षण एवं अनूठा आयोजन भी रखा गया है, जो इंदौर में पहली बार होने जा रहा है।
भजन गायक देंगे प्रस्तुतियां
कार्यक्रम के तहत इन नौ दिनों में रात्रि में प्रतिदिन देश के सुप्रसिद्ध कवि एवं भजन गायक प्रस्तुतियां भी देंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रोता उपस्थित रहेंगे।
आयोजन के कार्यालय का हुआ शुभारंभ
प्रतिदिन प्रवचन भी नौ दिनों तक प्रतिदिन कई ख्यात गोसेवकों के आशीर्वचन भी होंगे। इसी तरह प्रदेश एवं देशभर से पधारे संतजन के व्याख्यान भी दोपहर तीन से चार के मध्य आयोजित किए गए हैं। 31 वर्षीय गो पर्यावरण एवं आध्यात्म चेतना पदयात्रा के संचालक एवं श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा के राष्ट्रीय संयोजक गोपालचार्य स्वामी गोपालानंद सरस्वती के मुखारविंद से गौ कृपा कथा का आयोजन भी रखा गया है।




