भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज शुक्रवार को लाल परेड मैदान भोपाल में मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र बूटकैंप में युवाओं से संवाद करेंगे। इस सम्मेलन में प्रदेश के 52 जिलों से लगभग 10 हजार जनसेवा मित्र शामिल होंगे। कैंप का उद्देश्य जनसेवा मित्रों को प्रेरित करना है, जो राज्य में कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जमीनी स्तर पर जागरूकता का संचार करने के लिए प्रयास कर रहे हैं। कार्यक्रम की थीम यूथ फार एमपी रहेगी। इसमें पांच सत्र होंगे।
इस कार्यक्रम में पहला सत्र यूथ फार न्यू एज लर्निंग, दूसरा सत्र यूथ फार नेक्स्ट जेनरेशन गवर्नेंस, यूथ फार कम्युनिटी, तीसरा सत्र यूथ फार हेरिटेज, यूथ फार एनवायरमेंट, चौथा सत्र यूथ फार डेमोक्रेसी और पांचवां सत्र यूथ फार डेवलपमेंट आफ मध्य प्रदेश होगा। मुख्यमंत्री पांचवें सत्र में युवाओं को प्रदेश के विकास में भागीदारी के लिए प्रेरित करने के साथ उनके परिजन और लाभांवित हितग्राहियों से भी संवाद करेंगे।
मप्र ईज आफ डूइंग बिजनेस कान्क्लेव आज भोपाल में, औद्योगिक कठिनाइयों पर होगा मंथन
उधर, भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआइआइ) के सहयोग से एमपी औद्योगिक विकास निगम (एमपीआइडीसी) मध्य प्रदेश ईज आफ डूइंग बिजनेस कान्क्लेव- 2023 आज शुक्रवार को कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर भोपाल में होगा। कान्क्लेव का उद्देश्य व्यवसाय करने में आसानी बढ़ाकर और उनकी परिचालन लागत को कम करके उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण को बढ़ावा देना है। कान्क्लेव में वर्तमान के सुधारों पर सूचना प्रसार, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत और मध्य प्रदेश में संचालित उद्योगों के लिए समस्या समाधान की सुविधा पर मंथन होगा।