मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन में 3 लाख 86 हजार स्व-सहायता समूह कार्य कर रहे हैं। और इन समूहों से 43 लाख से अधिक परिवार जुड़े हैं। पीएम मोदी ने समूह की महिलाओं को सहायता राशि सौंपी।
मध्य प्रदेश में श्योपुर जिले के कराहल के मॉडल स्कूल ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिन के दिन विशेष पिछड़ी जनजाति समूह कौशल विकास प्रशिक्षण केन्द्रों शिवपुरी, मण्डला, शहडोल और तामिया का ई-लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री मोदी स्व-सहायता समूहों की बहनों से संवाद कर उद्यमशीलता की जानकारी प्राप्त की।
दरअसल प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के लिए मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन में 3 लाख 86 हजार स्व-सहायता समूह कार्य कर रहे हैं। और इन समूहों से 43 लाख से अधिक परिवार जुड़े हैं। जानकारी के अनुसार समूहों द्वारा सब्जी उत्पादन, दुग्ध उत्पादन, अगरबत्ती, हैण्डवॉश, साबुन निर्माण, कृषि और पशुपालन आधारित आजीविका गतिविधियां और आजीविका पोषण वाटिका के संचालन संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने चीता मित्रों से चर्चा की और साथ ही समूह की महिलाओं को सहायता राशि सौंपी।
उन्होंने कहा कि मेरे लिए देश की माताएं, बहनें, बेटियां मेरा सबसे बड़ा रक्षा कवच हैं। शक्ति का स्रोत हैं, मेरी प्रेरणा हैं। हमारी सरकार ने ये चीते आपके सुपुर्द इसलिए किए हैं कि आप पर हमारा भरोसा है। पिछली शताब्दी के भारत और इस शताब्दी के नए भारत में एक बहुत बड़ा अंतर हमारी नारी शक्ति के प्रतिनिधित्व के रूप में आया है। आज के नए भारत में पंचायत भवन से लेकर राष्ट्रपति भवन तक नारीशक्ति का परचम लहरा रहा है। आप मुसीबत झेलेंगे, लेकिन चीतों पर मुसीबत नहीं आने देंगे ये मेरा विश्वास है। इसी कारण आप सभी को 8 चीतों की जिम्मेदारी दे रहा हूं। मध्यप्रदेश के लोगों ने कभी मेरे भरोसे पर आंच नहीं आने दी।
उन्होंने कहा कि हाल में संपन्न हुए पंचायत चुनावों में पूरे मध्य प्रदेश में लगभग 17 से 18 हजार बहनें जनप्रतिनिधि के रूप में चुनी गई हैं। ये बड़े बदलाव के साथ साथ बड़े परिवर्तन का आह्वान है। हमारी सरकार ने देश की 2 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को घरों की मालकिन बनाया है। स्व सहायता समूह की मेरी बहनों, आपने कोरोना काल में संकट की उस घड़ी में मानव मात्र की सेवा के लिए लाखों मास्क बनाए।
इस दौरान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमारे बीच में हैं। मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि जो होटल और रिसोर्ट बनाएंगे और जनता और पर्यटकों की सुविधा के लिए अधोसंरचना बनाएंगे हम उनको विशेष सुविधाएं देने का काम करेंगे।