शहर के लगभग 60 साल पुराने टीटीनगर हाट बाजार को अब नई जगह स्मार्ट सिटी रोड पर ही लगवाया जाएगा। पिछले रविवार को भी लगभग सभी दुकानों को यहां शिफ्ट कर दिया गया था, इस बार भी व्यवस्थित हाट बाजार लगवाने के लिए नगर निगम और प्रशासन का अमला तैनात रहेगा जिससे लोगों को नई जगह पर दुकानें लगाने में किसी तरह की कोई दिक्कत न हो और किसी तरह के विवाद की स्थिति न बने। बता दें कि पिछले महीने बिना योजना के हाट बाजार शिफ्ट करने के दौरान विवाद हो गया था और दुकानदारों को जगह नहीं मिल सकी थी। इससे कलेक्टर आशीष सिंह ने निर्देश दिए थे कि धीरे-धीरे बाजार शिफ्ट किया जाएगा और सभी को दुकानें मिलेंगी।
इस मार्ग पर लगा था पिछले रविवार हाट बाजार
पिछले रविवार नगर निगम और प्रशासन के अमले ने एक करोड़ रुपये की लागत से टीटीनगर स्टेडियम, काटजू अस्पताल और गुरुद्वारा के सामने बनाए गए स्मार्ट रोड पर हाट बाजार लगवाया गया था। जहां सड़क के दोनों तरफ बड़ी संख्या में दुकानें शिफ्ट हो गई थीं और लोगों को किसी तरह की कोई दिक्कत का सामना भी नहीं करना पड़ा था। इसी वजह से पुरानी जगह से सभी दुकानें इधर आसानी से शिफ्ट हो गईं थीं। इस बार भी अधिकारियों का पूरा प्रयास रहेगा कि यहीं पर दुकानें लगवाई जाएं
इसलिए खड़ी हो रही है समस्या
टीटीनगर हाट बाजार को शिफ्ट करने के लिए पिछले तीन सप्ताह से समस्या इस वजह से बनी हुई है। दरअसल 342 एकड़ के स्मार्ट सिटी के एबीडी क्षेत्र की योजना में इस बात का ध्यान ही नहीं रखा गया कि हाट बाजार कहां लगाया जाएगा। यदि इसका ध्यान रखा गया होता तो हाट बाजार शिफ्टिंग में निगम और प्रशासन के अधिकारियों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ता।
इनका कहना है
पिछले रविवार टीटीनगर हाट बाजार की सभी दुकानें स्मार्ट सिटी मार्ग क्षेत्र में शिफ्ट कर दी गई थीं। इस बार भी हाट बाजार पिछली बार की तरह लगवाया जाएगा।पुरानी जगह पर किसी भी दुकान को नहीं लगाने दिया जाएगा, सभी दुकानदारों को पर्याप्त जगह दी गई है।व्यवस्था बनी रही और लोगों को दिक्कत न हो इसके लिए नगर निगम और प्रशासन का अमला तैनात रहेगा।
संतोष बिटोलिया, एसडीएम टीटीनगर




