केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने मुंबई स्थित एक फर्म के साझेदारों से जुड़े कई परिसरों और अन्य स्थानों पर 62 करोड़ 42 लाख रुपये की कथित बैंक धोखाधड़ी के संबंध में तलाश अभियान चलाया है। सीबीआई ने एक बयान में कहा कि मुंबई में इंडियन बैंक की एस ए एम शाखा की शिकायत पर इस महीने की 18 तारीख को मामला दर्ज होने के बाद तलाश अभियान चलाया गया। एजेंसी ने फर्म, उसके साझेदारों, अज्ञात सरकारी कर्मचारियों और अज्ञात निजी व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सीबीआई ने कहा कि आरोपियों ने कथित तौर पर आपराधिक साजिश रचकर, धोखाधड़ी की और बैंकों को बढ़ा-चढ़ाकर देनदार आंकड़े और अन्य झूठी वित्तीय जानकारी प्रस्तुत करके खातों में हेराफेरी की और इंडियन बैंक तथा एक अन्य बैंक से अधिक नकद ऋण सुविधाएं प्राप्त कीं। सीबीआई ने बताया कि तलाश के दौरान जांच से संबंधित आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए हैं। बढ़ी हुई ऋण सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए देनदार आंकड़ों को कथित रूप से बढ़ाने से संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।




