भोपाल : मंगलवार, जून 2, 2026,
मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद्, संस्कृति विभाग के तहत संचालित मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी द्वारा प्रख्यात शायर पद्मश्री बशीर बद्र को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से “यादे बशीर बद्र” के तहत “संवाद एवं अखिल भारतीय मुशायरा” कार्यक्रम का आयोजन 4 जून 2026 को सायं 6 बजे रवीन्द्र भवन स्थित अंजनी सभागार, भोपाल में किया जाएगा।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में बशीर बद्र के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर केंद्रित संवाद आयोजित होगा। इस संवाद में सुप्रसिद्ध शायर प्रो. वसीम बरेलवी, पद्मश्री डॉ. बशीर बद्र के पुत्रतुल्य एवं प्रख्यात फिल्म निर्माता-निर्देशक, संगीतकार और कथाकार श्री विशाल भारद्वाज और सुप्रसिद्ध गायिका सुश्री रेखा भारद्वाज अपने विचार साझा करेंगे।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में साँय 7:30 बजे अखिल भारतीय मुशायरे का आयोजन किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता प्रो. वसीम बरेलवी करेंगे। मुशायरे में देश के विभिन्न शहरों से आमंत्रित ख्यातिप्राप्त शायर अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे। मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी की निदेशक डॉ. नुसरत मेहदी ने साहित्य, संस्कृति एवं कला प्रेमियों से कार्यक्रम में सहभागिता का आग्रह किया है।




