व्हाट्सऐप चैटबॉट “सोलर चाचा” बतायेंगे लाभ लेने के तरीके
प्रदेश के 2 लाख उपभोक्ता हो चुके हैं नामांकित
भोपाल : सोमवार, जून 1, 2026,
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर बिजली उपभोक्ता अपने घर के बिजली बिल में अप्रत्याशित कमी ला सकते हैं। उपभोक्ताओं को योजना का लाभ मार्च 2027 के पहले तक मिलेगा। मार्च 2027 तक घरों की छत पर पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर सोलर सिस्टम लगवाने वाले उपभोक्ताओं को निर्धारित सब्सिडी का लाभ भी मिलेगा। प्रदेश में अब तक 2 लाख से अधिक उपभोक्ता पहले ही इस योजना में नामांकित हो चुके है।
मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना (PMSGMBY) के डिजिटली प्रचार-प्रसार के लिये व्हाट्सऐप चैटबॉट “सोलर चाचा” शुरू किया गया है। ऐप के माध्यम से हितग्राही योजना से संबंधित समस्त प्रमाणिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अपने घर के बिजली बिल को कम करने के लिये सोलर चाचा आपकी मदद के लिये तत्पर है। इसकी मदद से आज ही अपना सोलर सफर शुरू करने के लिए QR कोड को स्कैन करें अथवा 8815107640 नंबर पर Hello भेजें।




