वन विद्यालय बैतूल में हुआ 107वें वनरक्षक प्रशिक्षण सत्र का दीक्षांत समारोह
112 नव-प्रशिक्षित वनरक्षकों को मिले प्रमाण-पत्र
भोपाल : सोमवार, जून 1, 2026,
प्रधान मुख्य वनसंरक्षक एवं वन बल प्रमुख, श्री शुभरंजन सेन ने कहा है कि वनरक्षक वन विभाग की रीढ़ हैं और प्रदेश के वन संसाधनों की सुरक्षा एवं संरक्षण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने नव-प्रशिक्षित वनरक्षकों का आह्वान किया कि वे ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। श्री सेन वन विद्यालय, बैतूल में आयोजित 107वें वनरक्षक प्रशिक्षण सत्र के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कही। प्रधान मुख्य वनसंरक्षक (विकास) श्री पुरुषोत्तम धीमान ने कहा कि वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा का दायित्व अत्यंत महत्वपूर्ण है।
दीक्षांत समारोह में वन बल प्रमुख श्री सेन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वनरक्षक प्रशिक्षणार्थियों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले 112 प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। वन विद्यालय में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। दीक्षांत समारोह में आकर्षक पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। वन विद्यालय के अनुदेशक ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में वन विद्यालय बैतूल के संचालक श्री नवीन गर्ग ने प्रशिक्षण सत्र का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए प्रशिक्षणार्थियों की उपलब्धियों, प्रशिक्षण गतिविधियों तथा सत्र की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान वनरक्षकों को वन संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन, कानून प्रवर्तन, वन अपराध नियंत्रण तथा आधुनिक तकनीकों के उपयोग से संबंधित व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।




