विगत एक माह में प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्रवाई कर चोरी किए गए 100 दोपहिया वाहन, 2 ट्रैक्टिर-ट्रॉली एवं 1 टेम्पो जब्त
भोपाल : शनिवार, मई 30, 2026,
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संपत्ति संबंधी अपराधों एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु लगातार कार्यवाहियां की जा रही है। इसी क्रम में प्रदेश में विभिन्न जिलों की पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई कर विगत एक माह में चोरी की गई 100 मोटरसाइकिलें, 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली, एवं एक टेम्पो जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इंदौर : इंदौर के थाना बाणगंगा पुलिस द्वारा वाहन चोरी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु विशेष कार्रवाई करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से इंदौर एवं भोपाल सहित विभिन्न क्षेत्रों से चोरी की गई कुल 17 मोटरसाइकिलें, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपए है, जब्त की गईं। आरोपियों द्वारा चोरी के वाहनों को शहर के सुनसान क्षेत्रों, खंडहरों एवं खाली इमारतों में छिपाकर रखा जाता था तथा मांग आने पर उन्हें बाहर निकालकर बेचा जाता था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी के वाहनों के नंबर प्लेट बदलने के साथ इंजन एवं चेचिस नंबर भी मिटा देते थे।
जीआरपी इटारसी : जीआरपी थाना इटारसी द्वारा वाहन चोरी करने वाले गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर कुल चोरी की 16 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 13 लाख 40 हजार रुपए है।
विदिशा : थाना कोतवाली पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी एवं दो विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न क्षेत्रों से चोरी की गई कुल 12 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। जब्त की गई संपत्ति की कीमत लगभग 14 लाख रुपए है।
मंडला : कोतवाली पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का खुलासा करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर रॉयल एनफील्ड, R15 और पल्सर समेत चोरी की 7 मोटरसाइकिलें सहित लगभग 9 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
सतना : थाना उचेहरा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 03 मोटरसाइकिलें, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 90 हजार रूपए है, जब्त की गईं।
इसी प्रकार थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी में संलिप्त 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 2 लाख 25 हजार रूपए कीमत की चोरी की 03 मोटरसाइकिलें जब्त की।
राजगढ़ : कोतवाली पुलिस द्वारा वाहन चोरों के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 02 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 04 मोटरसाइकिलें लगभग 1 लाख 10 हजार रूपए की संपत्ति जब्त की है।
वहीं थाना सारंगपुर पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की 02 मोटरसाइकिलें जप्त की हैं।
आगर मालवा : आगर मालवा पुलिस ने वाहन चोरों के विरूद्ध कार्रवाई करते हुए 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 3 लाख 40 हजार रूपए की चोरी की गई 05 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं।
इसी प्रकार आलीराजपुर एवं मंदसौर में 4-4, शहडोल और मुरैना में 3-3, सीहोर, बड़वानी, शिवपुरी, नर्मदापुरम एवं दतिया में 2-2, शाजापुर, झाबुआ, धार, उज्जैन, ग्वालियर, सागर एवं नरसिंहपुर में 1-1 मोटरसाइकिल जब्त की है।
अन्य वाहन
ग्वालियर के थाना जनकगंज पुलिस द्वारा चोरी गया एक टेम्पो, सीहोर कोतवाली पुलिस ने 01 ट्रैक्टर-ट्रॉली, सिवनी जिले के लखनादौन पुलिस ने अंतर्राज्यीय ट्रैक्टर चोर गिरोह से ट्रैक्टर मय ट्रॉली जब्त की है।




