Wednesday, June 10, 2026
spot_img
Homeजनसम्पर्क समाचारबिजली बिल वसूली में नहीं करें कोताही : ऊर्जा मंत्री श्री तोमर

बिजली बिल वसूली में नहीं करें कोताही : ऊर्जा मंत्री श्री तोमर

ऊर्जा मंत्री ने की मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी के कार्यों की समीक्षा

कम्पनी की आय बढ़ाने के लिये आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। बिजली बिलों की वसूली में कोताही नहीं करें, लेकिन शुरूआत बड़े उपभोक्ताओं से करें। आवश्यकता अनुसार कॉलोनियों में वसूली शिविर भी लगायें। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने यह निर्देश मंत्रालय में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी के कार्यों की समीक्षा के दौरान दिये।

अच्छा कार्य करने वालों को मिले बेहतर पोस्टिंग

ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि खराब स्थानों पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों को बेहतर पोस्टिंग दें। इससे अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों में विद्युतीकरण के लिये कार्य-योजना बनायें।

बैठक में बताया गया कि स्मार्ट मीटर लगने से बिजली बिल भुगतान में सुधार आया है। मध्य क्षेत्र में 10 लाख 60 हजार स्मार्ट मीटर लगाये जा चुके हैं। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि इस बात की सतत समीक्षा करें कि जिस क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाये जा चुके हैं, वहाँ बिजली बिलों के भुगतान की स्थिति में कितना सुधार हुआ है।

ट्रांसफार्मर फेल्योर की दर कम करें

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि ट्रांसफार्मर फेल्योर की संख्या कम से कम करें। ट्रांसफार्मर फेल्योर की जानकारी नहीं देने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही भी करें। उन्होंने ट्रिपिंग कम करने पर जोर देते हुए कहा कि दो फीडर आदर्श के रूप में चयनित करें और सभी जरूरी उपाय करके यह देखें कि ट्रिपिंग कैसे कम की जा सकती है। मंत्री श्री तोमर ने कहा कि नगर पंचायत स्तर पर रात में बिजली सुधार कार्यों के लिये टीम की व्यवस्था करें। सामग्री की गुणवत्ता पर कोई समझौता नहीं होना चाहिये। उन्होंने आरडीएसएस और एसएसटीडी योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिये। आगामी बरसात में व्यवधान आने पर तुरंत विद्युत आपूर्ति बहाल करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की तैयारी अभी से करें।

बैठक में सचिव ऊर्जा श्री विशेष गढ़पाले, एमडी मध्य क्षेत्र वितरण कम्पनी श्री ऋषि गर्ग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। क्षेत्रीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बैठक में शामिल हुए।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular