Monday, May 18, 2026
spot_img
Homeमध्यप्रदेशहॉकी विकास का राष्ट्रीय मॉडल बन रहा मध्यप्रदेश

हॉकी विकास का राष्ट्रीय मॉडल बन रहा मध्यप्रदेश

मंत्री श्री सारंग से हॉकी इंडिया प्रबंधन प्रतिनिधिमंडल ने की भेंट
आधुनिक खेल अधोसंरचना, हॉकी अकादमी प्रणाली एवं प्रतिभा संवर्धन की हुई सराहना
अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं, विश्वस्तरीय सुविधाओं से मजबूत हो रही प्रदेश की हॉकी

भोपाल में हॉकी इंडिया प्रबंधन प्रतिनिधिमंडल ने खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग से सौजन्य भेंट कर मध्यप्रदेश में हॉकी के क्षेत्र में हो रहे व्यापक विकास, आधुनिक खेल अधोसंरचना तथा खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं की सराहना की। बैठक में खेल एवं युवा कल्याण संचालक श्री अंशुमान यादव के साथ हॉकी इंडिया के महासचिव श्री भोला नाथ सिंह, कोषाध्यक्ष श्री सेकर जे. मनोहरन तथा महानिदेशक कमांडर श्री आर.के. श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

बैठक में प्रदेश में हॉकी के विस्तार, प्रतिभा संवर्धन, अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन, सिंथेटिक टर्फ निर्माण तथा जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को तैयार करने की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मध्यप्रदेश आज देश में हॉकी विकास का एक सशक्त मॉडल बनकर उभर रहा है।

भारत-ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 हॉकी सीरीज से मिलेगा युवा खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय मंच

भोपाल में 15 से 20 मई तक हो रही भारत-ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 अंतर्राष्ट्रीय हॉकी सीरीज में भारतीय एवं ऑस्ट्रेलियाई जूनियर पुरुष एवं महिला टीमें हिस्सा ले रही हैं, जो युवा खिलाड़ियों को आगामी एशिया कप की तैयारियों के लिये महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगी। इस अवसर पर मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी, भोपाल के 10 खिलाड़ियों का भारतीय अंडर-18 टीम में चयन प्रदेश की उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था और प्रतिभा संवर्धन मॉडल की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। हॉकी इंडिया प्रतिनिधिमंडल ने इस उपलब्धि को मध्यप्रदेश की मजबूत खेल अधोसंरचना एवं सफल खेल अकादमी प्रणाली का परिणाम बताते हुए प्रदेश की सराहना की।

हॉकी में मध्यप्रदेश का स्वर्णिम सफर : राष्ट्रीय से अंतर्राष्ट्रीय मंच तक शानदार पहचान

मध्यप्रदेश हॉकी ने पिछले कुछ वर्षों में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित कर देशभर में अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। हॉकी इंडिया अवॉर्ड 2025 में मध्यप्रदेश हॉकी को लगातार तीसरी बार “बेस्ट स्टेट ऑफ द ईयर” सम्मान प्राप्त हुआ, जो प्रदेश की उत्कृष्ट खेल नीति एवं सुदृढ़ प्रशिक्षण व्यवस्था का प्रमाण है। मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी, भोपाल के 10 खिलाड़ियों का भारतीय अंडर-18 टीम में चयन हुआ, जबकि FIH जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप–2025 के लिए अकादमी के 3 खिलाड़ियों ने भारतीय टीम में स्थान बनाकर प्रदेश को गौरवान्वित किया। रियो ओलंपिक 2016 में अकादमी की 7 खिलाड़ियों ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया तथा टोक्यो ओलंपिक 2020-21 में भी प्रदेश की खिलाड़ियों ने भारतीय महिला हॉकी टीम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एशिया कप-2025 में भारतीय टीम को चैंपियन बनाने में मध्यप्रदेश के स्टार खिलाड़ी विवेक सागर का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। हाल ही में रांची में आयोजित सब-जूनियर राष्ट्रीय हॉकी चैम्पियनशिप में मध्यप्रदेश ने रजत पदक हासिल किया। पिछले 16 वर्षों में प्रदेश ने 29 पदकों की उपलब्धि के साथ भारतीय हॉकी में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है तथा मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी से तैयार खिलाड़ी लगातार एशियन चैंपियनशिप, वर्ल्ड लीग, यूथ ओलंपिक क्वालीफायर एवं अन्य अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

“बेस्ट स्टेट ऑफ द ईयर” सम्मान से सम्मानित हुई मध्यप्रदेश हॉकी

हॉकी इंडिया के वार्षिक अवॉर्ड 2025 समारोह में मध्यप्रदेश हॉकी को “बेस्ट स्टेट ऑफ द ईयर” सम्मान से नवाजा गया। लगातार तीसरी बार यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त करना प्रदेश की खेल उपलब्धियों, सुदृढ़ प्रशिक्षण व्यवस्था एवं प्रतिभा संवर्धन मॉडल का प्रमाण है। बैठक में इस उपलब्धि को प्रदेश की दीर्घकालिक खेल नीति और मजबूत खेल अधोसंरचना का परिणाम बताया गया।

विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना बना रही मध्यप्रदेश को हॉकी का केंद्र

मध्यप्रदेश में वर्तमान में 28 अंतर्राष्ट्रीय स्तर के सिंथेटिक हॉकी टर्फ विकसित अथवा निर्माणाधीन हैं, जिनमें 21 टर्फ निर्मित तथा 7 निर्माणाधीन हैं। प्रदेश में भोपाल, ग्वालियर, सागर, जबलपुर, मंदसौर, शिवपुरी, बालाघाट, सीहोर एवं अन्य जिलों में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हॉकी टर्फ उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश में 35 फीडर सेंटर संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें हॉकी के 26 फीडर सेंटर शामिल हैं, जहां खिलाड़ियों को जमीनी स्तर पर व्यवस्थित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रदेश में 146 खेल स्टेडियम एवं प्रशिक्षण केंद्र निर्मित हैं तथा 41 अन्य निर्माणाधीन हैं।

आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था से मिल रहा खिलाड़ियों को लाभ

प्रदेश में आधुनिक खेल सुविधाएं, अनुभवी कोचिंग, वैज्ञानिक फिटनेस प्रबंधन, खेल विज्ञान आधारित प्रशिक्षण एवं प्रतिभा संवर्धन योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। FIH जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप–2025 के लिए मध्यप्रदेश पुरुष हॉकी अकादमी, भोपाल के अंकित पाल, तलैम प्रियोबर्ता एवं थोनाओजाम इंगालेंबा लुवांग का भारतीय जूनियर पुरुष टीम में चयन प्रदेश की उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रणाली का उदाहरण है। इसी प्रकार एशिया कप-2025 में भारतीय टीम को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्टार खिलाड़ी विवेक सागर को मंत्री विश्वास सारंग द्वारा सम्मानित किया गया।

खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विभाग प्रतिबद्ध

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना का तीव्र विस्तार किया जा रहा है जिससे खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, प्रतियोगिता एवं प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश निरंतर खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन और अंतर्राष्ट्रीय स्तर का खेल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में यह विश्वास व्यक्त किया गया कि आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश देश के अग्रणी हॉकी राज्यों में और अधिक मजबूत पहचान स्थापित करेगा तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत को नई प्रतिभाएं प्रदान करता रहेगा।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular