60 से अधिक बुनकरों ने दिखाया हुनर, 9 राज्यों की कला से सजा रहा गौहर महल
भोपाल : सोमवार, मई 11, 2026,
कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने कहा है कि गौहर महल में आयोजित स्टेट हैंडलूम एक्सपो-2026 का 10 मई को सफल समापन हुआ। यह एक्सपो मध्यप्रदेश की समृद्ध हथकरघा परंपरा और “नए भारत की नई खादी” का जीवंत प्रतीक बना। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के “स्वदेशी के लिए मुखर” और “स्थानीय से वैश्विक” मंत्र को इस एक्सपो ने साकार किया।
राज्यमंत्री श्री जायसवाल ने बताया कि मध्यप्रदेश हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम द्वारा आयोजित इस एक्सपो में देशभर से आए 60 से अधिक बुनकरों और शिल्पकारों ने अपने हुनर का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि एक्सपो में चंदेरी, महेश्वरी, बनारसी, भागलपुरी रेशम, कलमकारी, मधुबनी प्रिंट और हाथ से तैयार सूती एवं रेशमी वस्त्रों ने खासा आकर्षण बटोरा। पारंपरिक डिजाइनों और हस्तनिर्मित वस्त्रों की बारीकी ने स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आए पर्यटकों को भी प्रभावित किया।
एक्सपो में मध्यप्रदेश सहित बिहार, उत्तरप्रदेश, पश्चिम बंगाल, आंध्रप्रदेश, उड़ीसा, झारखंड, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक के बुनकरों ने अपनी पारंपरिक वस्त्र कलाओं को प्रदर्शित किया। एक्सपो में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगीत संध्या और बुनकर कार्यशालाओं का आयोजन किया गया, जिसने आयोजन को और अधिक जीवंत बना दिया।
राज्यमंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि कला और संस्कृति के इस संगम में बुनकरों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विक्रय का अवसर मिला, वहीं शहरवासियों को देश की विविध हथकरघा परंपराओं को करीब से जानने और समझने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि “अपना हाथ – अपना साथ” की भावना से म.प्र. खादी एवं ग्रामोद्योग मंडल के “विन्ध्या वैली” और “कबीरा” नाम भी बुनकरों के उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं। ऐसे आयोजन आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लक्ष्य को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।




