एमआर-3 रोड पर गैस टंकी में लगी आग पर पुलिस ने तत्काल पाया काबू
पुलिस जवानों की बहादुरी से सुरक्षित रहे आसपास के रहवासी, स्थानीय नागरिकों ने की सराहना
भोपाल : सोमवार, मई 11, 2026,
प्रदेश में आमजन की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा निरंतर गश्त एवं पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी क्रम में इंदौर पुलिस की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और साहस का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है, जहां पुलिस जवानों की सूझबूझ से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 मई को अलसुबह गश्त के दौरान थाना लसूड़िया क्षेत्र अंतर्गत एमआर-3 रोड स्थित सनसिटी के पास एक गैस टंकी में आग लगने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। घटना स्थल रहवासी क्षेत्र के बीच स्थित होने तथा आसपास गैस लाइन मौजूद होने के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया। स्थानीय लोगों को आशंका थी कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया गया तो बड़ा विस्फोट हो सकता है, जिससे गंभीर जनहानि की संभावना बन सकती थी।
सूचना मिलते ही प्रभात गश्त में तैनात एसीपी हीरानगर श्रीमती रूबीना मिजवानी, थाना लसूड़िया एवं विजय नगर की एफआरवी टीम तथा बीट महालक्ष्मी नगर के पुलिस जवान तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसीपी द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस जवानों ने अत्यधिक साहस, सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए बिना समय गंवाए आग बुझाने की कार्रवाई प्रारंभ की। जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद पुलिस टीम ने गैस टंकी में लगी आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
घटनास्थल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, खाली प्लॉट में एक गुमटी के पास रखी गैस टंकी में आग लगी थी, जिसकी चपेट में आने से वहां मौजूद भगवान सिंह पिता समर सिंह, उम्र 50 वर्ष, निवासी सरस्वती नगर, इंदौर आंशिक रूप से झुलस गए। पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया।
इंदौर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आसपास के रहवासियों ने राहत की सांस ली। स्थानीय नागरिकों ने मौके पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की तत्परता, साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं मानवीय संवेदनशीलता की भूरी-भूरी प्रशंसा की।




