बैतूल 28 अप्रैल ,2026
कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे ने आज सुबह बैतूल नगर का सघन भ्रमण कर विभिन्न चौक-चौराहों एवं प्रगतिरत कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ सोनवणे ने कॉलेज चौक, शिवाजी चौक, लल्ली चौक और न्यू बैतूल स्कूल चौक का जायजा लिया। उन्होंने कॉलेज चौक के चौड़ीकरण कार्य करने तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य के दौरान यातायात नियमों का कड़ाई से पालन हो, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
शहर के प्रमुख चौकों का बदलेगा स्वरूप
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने शिवाजी चौक एवं लल्ली चौक के सौंदर्यीकरण के लिए बड़े शहरों की तर्ज पर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश नगरपालिका को दिए। साथ ही लल्ली चौक स्थित रोटरी को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए। इसके बाद उन्होंने न्यू बैतूल स्कूल के पास प्रस्तावित गीता भवन के लिए चिन्हित स्थल का भी अवलोकन किया और वहां पार्किंग की व्यवस्थित प्लानिंग के निर्देश दिए। स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों के अंतर्गत उन्होंने ट्रेचिंग ग्राउंड का निरीक्षण कर इसकी शीघ्र शिफ्टिंग एवं एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी को दिए।
जामठी में फायर स्टेशन और आईएसबीटी की तैयारी, कलेक्टर ने किया स्थल निरीक्षण
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने ग्राम जामठी में प्रस्तावित फायर स्टेशन एवं आईएसबीटी स्थल का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही एचएमटी फैक्ट्री पहुंचकर आगामी कार्ययोजना के संबंध में उद्योग विभाग से विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री नवनीत पांडे एवं उद्योग विभाग के श्री धीरज मंडलेकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




