बूढ़ा में 85 करोड़ के निर्माण कार्यों का हुआ लोकार्पण व भूमि-पूजन
भोपाल : शुक्रवार, अप्रैल 24, 2026,
उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री राकेश सिंह ने मंदसौर जिले की मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बूढ़ा में शुक्रवार को 85.61 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। भूमि-पूजन कार्यों में 1.70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला गर्रावद से चिल्लोद पिपलिया मार्ग, 2.70 करोड़ रुपये की लागत वाला खड़पालिया से काल्याखेड़ी पहुंच मार्ग, 3.43 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला गुर्जर बर्डिया से गुर्जर बर्डिया महादेव मंदिर मार्ग तथा 4.59 करोड़ रुपये की लागत वाला मुंडकोषा से सुजानपुरा तक का मार्ग शामिल हैं।
लोकार्पण कार्यों में 45.84 करोड़ रुपये की लागत से नारायणगढ़ से बिल्लोद (व्हाया बादरी, रिछा, बूढ़ा, टकरावद, नापाखेड़ा) मार्ग, 11.20 करोड़ रुपये की मल्हारगढ़ रेलवे स्टेशन से नारायणगढ़ मार्ग, 5.77 करोड़ रुपये का पिपलियामंडी बायपास मार्ग तथा 10.38 करोड़ रुपये की लागत से बालागुड़ा पेट्रोल पंप से खेडा खदान, खोखरा, सोनी पिपलिया सोलंकी मार्ग शामिल हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि दिसंबर 2026 तक गांधी सागर का पानी मल्हारगढ़ क्षेत्र के प्रत्येक खेत तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र में सड़कों का व्यापक जाल बिछाया गया है और गांवों से भी अधिक सड़कों का निर्माण किया गया है। शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। इसमें 4 सांदीपनी विद्यालयों की स्थापना सहित अनेक कार्य शामिल हैं।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मल्हारगढ़ क्षेत्र के समग्र विकास के लिए बजट में 450 करोड़ रुपये के कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि सड़कों के निर्माण के लिये आवश्यक मिट्टी एक ही स्थान से ली जा रही है, जहां ‘लोक कल्याण सरोवर’ विकसित किए जा रहे हैं। अब तक प्रदेश में 508 सरोवर बनाए जा चुके हैं तथा इस वर्ष 600 और सरोवर निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। इसके अतिरिक्त सड़कों के किनारे लगभग 1000 रिचार्ज पिट बनाए जा रहे हैं, जिससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में सांसद श्री सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, जिला योजना समिति सदस्य श्री राजेश दीक्षित, श्री मदन लाल राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




