वार्ड 58 में सीवरेज परियोजना और विभिन्न विकास कार्यों का किया भूमि-पूजन
भोपाल : गुरूवार, मार्च 12, 2026,
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को नरेला विधानसभा को अमृत 2.0 योजना के तहत लगभग 300 करोड़ रूपये की लागत की सीवरेज परियोजना और विभिन्न विकास कार्यों का वार्ड 58 के गौतम नगर में भूमि-पूजन किया। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में मंत्री श्री सारंग ने कहा कि नरेला विधानसभा का सर्वांगीण और योजनाबद्ध विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 से पहले क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं थी, लेकिन वर्ष 2008 के बाद नरेला विधानसभा में विकास की एक नई दिशा तय हुई है और निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं।
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि आज नरेला विधानसभा में बेहतर सड़कें, सुदृढ़ विद्युत व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, नाली एवं ड्रेनेज जैसी आधारभूत सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके साथ ही सांदीपनी विद्यालय, अस्पताल, महाविद्यालय सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संस्थानों की स्थापना एवं विस्तार से क्षेत्र के नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो रही हैं।
नरेला विधानसभा के लिये लगभग 300 करोड़ रुपये की सीवरेज परियोजना
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों की सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा और बेहतर जीवन गुणवत्ता से जुड़ा हुआ है। इसी सोच के साथ नरेला विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य निरंतर किए जा रहे हैं और भविष्य में भी विकास की यह गति जारी रहेगी। उल्लेखनीय है कि सम्पूर्ण नरेला विधानसभा क्षेत्र में लगभग 300 करोड़ रुपये की सीवरेज परियोजना प्रस्तावित है, जिसके अंतर्गत भानपुर स्थित खंती क्षेत्र में 60 एमएलडी क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) स्थापित किया जा रहा है। यह भोपाल का अब तक का सबसे बड़ा एसटीपी होगा, जिससे क्षेत्र में सीवरेज प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को बड़ी मजबूती मिलेगी तथा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को भी लाभ होगा।
यहां होंगे विकास कार्य
अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत वार्ड 58 में कस्तूरबा नगर, गौतम नगर, रचना नगर, शांति निकेतन, भारती निकेतन एवं जनता क्वार्टर क्षेत्रों में सीवरेज परियोजना के तहत सीवरेज लाइन, मैनहोल चेंबर तथा घरेलू कनेक्शन स्थापित किए जायेंगे। इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के निवासियों को आगामी लगभग 30 वर्षों तक सीवरेज संबंधी समस्याओं से स्थायी राहत मिलेगी और स्वच्छता एवं बेहतर शहरी व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही क्षेत्र में अन्य आधारभूत विकास कार्य भी किए जाएंगे। इनमें जनता क्वार्टर के पास थीम पार्क का निर्माण, सिटी हॉस्पिटल से गौतम नगर साईं मंदिर तक वाया DPI ऑफिस दोनों ओर पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य, गौतम नगर मार्केट के सेंटर वर्ज का सौंदर्यीकरण, तथा गौतम नगर में आर्य भवन के पास पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त भारती निकेतन क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर नाली निर्माण कार्य भी कराया जाएगा। इन सभी विकास कार्यों पर कुल लगभग 33 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इन कार्यों के माध्यम से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करते हुए नागरिकों को बेहतर और सुव्यवस्थित शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।




