Wednesday, March 11, 2026
spot_img
Homeछिन्दवाडास्व सहायता समूह की महिलाओं ने लिया कुकीज व बेकरी उत्पाद बनाने...

स्व सहायता समूह की महिलाओं ने लिया कुकीज व बेकरी उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण

छिन्दवाडा : बुधवार, मार्च 11, 2026,

मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन विकासखंड छिंदवाड़ा के अंतर्गत ग्रामीण स्व सहायता समूह की महिला सदस्यों को आज बेकरी उत्पाद निर्माण का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। केनरा बैंक के सहयोग से दो दिवसीय यह प्रशिक्षण 10 एवं 11 मार्च को सूर्यवंशी बेकरी छिंदवाड़ा में आयोजित किया गया।

      प्रशिक्षण का उद्देश्य स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित महुआ एवं मिलेट्स से बनने वाले बिस्किट बेकरी यूनिट की गुणवत्ता में सुधार करना तथा ब्रेड, नानखटाई, बिस्किट, डोनट, क्रीम रोल जैसे उत्पादों में कुटकी, रागी, समा जैसे स्मॉल मिलेट्स के उपयोग को बढ़ावा देना था, ताकि कम लागत में अधिक आय प्राप्त की जा सके।

      प्रशिक्षण के प्रथम दिवस ब्रेड, टोस्ट, डोनट और क्रीम रोल बनाने की जानकारी दी गई, वहीं दूसरे दिवस बिस्किट, नानखटाई, केक और फास्ट फूड तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण में कुल 40 महिला सदस्यों ने भाग लेकर व्यावहारिक रूप से बेकरी उत्पाद बनाना सीखा।

       प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान वित्तीय वर्ष में केनरा बैंक छिंदवाड़ा द्वारा डागावानी पिपरिया में बेकरी यूनिट स्थापित करने के लिए लोन उपलब्ध कराया गया है, जिसके माध्यम से यूनिट की स्थापना भी कराई गई है। यूनिट की गुणवत्ता में सुधार और कुशल संचालन के लिए केनरा बैंक भोपाल से सुश्री रवीना मिश्रा द्वारा सीएसआर मद से 40 महिलाओं को प्रशिक्षण दिलाया गया।

       प्रशिक्षण के दौरान महिला सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर बैंक द्वारा स्व सहायता समूह को बेकरी उत्पाद निर्माण के लिए आवश्यक मशीनरी और उपकरण भी प्रदान किए गए, जिससे समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और उनकी आय में वृद्धि करने में मदद मिलेगी।

       बैंक के अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यदि स्व सहायता समूहों को बैंक से किसी भी प्रकार की वित्तीय सहायता की आवश्यकता हो, तो वे कम ब्याज दर पर सीसीएल एवं मुद्रा लोन लेकर अपने रोजगार को आगे बढ़ा सकती हैं और आत्मनिर्भर बन सकती हैं।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular