पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण वित्तीय बाजारों में बढ़ती अस्थिरता के बीच, सेबी के अध्यक्ष तुहिन कांता पांडे ने निवेशकों से संयम बरतने की अपील की है। मुंबई में निफ्टी 50 के 30 वर्ष पूरे होने के के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, श्री पांडे ने कहा कि भारत के घरेलू बुनियादी ढांचे मजबूत बने हुए हैं, जो ऐसी अनिश्चितताओं के बीच दृढ़ता प्रदान करते हैं।
श्री पांडे ने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण प्रमुख शिपिंग मार्गों में व्यवधान और तेल एवं गैस आपूर्ति में अचानक आई रुकावटों से वैश्विक बाजार वर्तमान में उथल-पुथल का सामना कर रहे हैं, जिससे आपूर्ति और मांग दोनों पक्षों में बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत भी इन घटनाओं से गहराई से प्रभावित है। हालांकि, सेबी अध्यक्ष ने इस बात पर जोर दिया कि भारत की अंतर्निहित आर्थिक शक्ति ने अतीत में कई वैश्विक झटकों से उबरने में मदद की है और घरेलू बाजारों को स्थिरता प्रदान करना जारी रखा है। श्री पांडे ने कहा कि निफ्टी ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं, लेकिन लंबे समय में इसने भारत की विकास गाथा की मजबूती और लचीलेपन को लगातार प्रतिबिंबित किया है।




