प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत का स्वास्थ्य ढांचा और मजबूत हुआ है। बजट उपरांत आयोजित वेबिनार ‘सबका साथ सबका विकास – जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति’ को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति केवल चर्चा का विषय नहीं है, बल्कि यह बजट का आधार और सरकार की प्रतिबद्धता है।
उन्होंने कहा कि देश निवारक और समग्र स्वास्थ्य की दिशा में काम कर रहा है और कई जिलों में सैकड़ों नए मेडिकल कॉलेज खुल रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना और आरोग्य मंदिर के माध्यम से पूरे देश के गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो रहा है, वहीं योग और आयुर्वेद की भारतीय परंपराएं विश्व स्तर पर लोकप्रियता हासिल कर रही हैं।
देखभाल अर्थव्यवस्था के उदय पर जोर देते हुए श्री मोदी ने कहा कि देखभाल करने वालों की बढ़ती वैश्विक मांग देश के लाखों युवाओं के लिए कौशल आधारित रोजगार के नए अवसर पैदा कर रही है।




