युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय आज दिल्ली में विकसित भारत युवा संपर्क कार्यक्रम के दूसरे चरण का शुभारंभ करेगा। यह पहल मेरा युवा भारत के माध्यम से आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य पूरा करने में युवाओं की सहभागिता मजबूत करना है।
मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के 35 से अधिक महाविद्यालयों के 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों के इस कार्यक्रम में भाग लेने की संभावना है। इस दौरान संवाद सत्र, संवाद और सहभागिता गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। मंत्रालय ने कहा कि विकसित भारत युवा नेता संवाद के प्रस्तुतकर्ताओं और विकसित भारत युवा संसद के विजेताओं सहित प्रतिष्ठित युवा भी विद्यार्थियों के साथ बातचीत करेंगे और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए अपने अनुभव साझा करेंगे।
यह पहल अब तक 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 274 विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में शुरू हो चुकी है। लगभग 20 हजार युवा इसमें शामिल हो चुके हैं। ‘मेरा युवा भारत’ डिजिटल प्लेटफॉर्म माईभारत डॉट जीओवी डॉट आईएन के माध्यम से कार्यक्रम में पंजीकरण और भागीदारी की जा सकती है।




