केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित यशोदा मेडिसिटी में अत्याधुनिक एआई-सक्षम ई-आईसीयू कमांड सेंटर का उद्घाटन किया। इस पहल से जिला अस्पताल स्तर पर गहन चिकित्सा सेवाओं को काफी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर श्री नड्डा ने कहा कि एआई-सक्षम स्वास्थ्य सेवा समय पर बचाव, सटीक उपचार और वास्तविक समय की निगरानी सुनिश्चित करती है, जो आपातकालीन चिकित्सा स्थितियों में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि अगले दो वर्ष में सरकार का लक्ष्य सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक -एन.क्यू.ए.एस. प्रमाणन प्राप्त कराना है। उन्होंने हाल ही में दिल्ली में सम्पन्न इंडिया ए आई इम्पैक्ट समिट के दौरान स्वास्थ्य सेवा में एआई के नैतिक और प्रमाणित उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किए गए सही पोर्टल और बोध पहल का भी उल्लेख किया।




