एक्शन थ्रिलर फिल्म वन बैटल आफ्टर अनदर ने 79वें ब्रिटिश अकादमी फिल्म पुरस्कारों -बाफ्टा में धूम मचा दी और सर्वश्रेष्ठ फिल्म समेत छह पुरस्कार जीते। पॉल थॉमस एंडरसन को “वन बैटल आफ्टर अनदर” के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक चुना गया। उन्होंने सर्वश्रेष्ठ रूपांतरित पटकथा और सर्वश्रेष्ठ छायांकन का पुरस्कार भी जीता। उन्होंने अपने निर्देशन का यह सम्मान दिवंगत ब्रिटिश निर्माता और सहायक निर्देशक एडम सोमनर को समर्पित किया।
वैम्पायर गाथा सिनर्स और गॉथिक हॉरर फिल्म फ्रैंकस्टीन ने तीन-तीन पुरस्कार जीते। रयान कूगलर को सिनर्स के लिए सर्वश्रेष्ठ मूल पटकथा का पुरस्कार मिला, जबकि वुन्मी मोसाकु ने सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार जीता। शॉन पेन ने वन बैटल आफ्टर अनदर के लिए सहायक अभिनेता का पुरस्कार जीता।
जेसी बकले को हैमनेट के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुना गया, जबकि रॉबर्ट अरामायो ने ब्रिटिश इंडी फिल्म आई स्वियर के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीता, जिसमें उन्होंने लियोनार्डो डिकैप्रियो और टिमोथी चालमेट जैसे नामांकित व्यक्तियों को पीछे छोड़ दिया। हैमनेट ने सर्वश्रेष्ठ ब्रिटिश फिल्म का पुरस्कार भी जीता।
लंदन के रॉयल फेस्टिवल हॉल में आयोजित समारोह में हॉलीवुड और ब्रिटिश फिल्मों की कई जानी-मानी हस्तियों के साथ-साथ प्रिंस विलियम और वेल्स की राजकुमारी कैथरीन भी शामिल हुईं। 14 बाफ्टा और 13 ऑस्कर नामांकन के साथ, वन बैटल आफ्टर अनदर अब अकादमी पुरस्कारों में एक मजबूत दावेदार के रूप में प्रवेश कर रही है।




