फरहान अख्तर की एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित मणिपुरी कॉमेडी-ड्रामा फिल्म बूंग ने कल लंदन में सर्वश्रेष्ठ बाल और पारिवारिक फिल्म का प्रतिष्ठित बाफ्टा पुरस्कार जीता। फिल्म की निर्देशक लक्ष्मीप्रिया देवी ने वेस्ट एंड शो पैडिंगटन-द म्यूजिकल के मुख्य किरदार पैडिंगटन बियर से ट्रॉफी प्राप्त करने के बाद अपने भाषण में विश्व शांति के लिए भावुक अपील की। उनके साथ मंच पर निर्माता फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी तथा फिल्म के सहायक निर्देशक राहुल शारदा भी मौजूद थे। गुगुन किपगेन और बाला हिजाम अभिनीत इस मणिपुरी फिल्म ने ‘लिलो एंड स्टिच’, ‘आर्को’ और ‘ज़ूट्रोपोलिस 2’ जैसी अन्य नामांकित अंतरराष्ट्रीय फिल्मों को पीछे छोड़कर यह पुरस्कार जीता है।
टेम्स नदी के किनारे रॉयल फेस्टिवल हॉल में आयोजित 2026 के ब्रिटिश एकेडमी फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स -बाफ्टा पुरस्कारों में कई सितारों ने शिरकत की, जिसमें बॉलीवुड स्टार आलिया भट्ट ने नॉर्डिक ड्रामा सेंटिमेंटल वैल्यू के लिए सर्वश्रेष्ठ गैर-अंग्रेजी भाषी फिल्म का पुरस्कार प्रदान करने के लिए अतिथि प्रस्तुतकर्ता के रूप में भाग लिया।




