Saturday, February 14, 2026
spot_img
Homeअंतरराष्ट्रीयइस्रायली प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्याहू ने व्हाइट हाउस में अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प...

इस्रायली प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्याहू ने व्हाइट हाउस में अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प से मुलाकात की

इस्रायली प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्याहू ने व्हाइट हाउस में अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प से मुलाकात की। यह बैठक बंद कमरे में लगभग तीन घंटे तक चली। बैठक के बाद नेतन्याहू ने कोई टिप्पणी नहीं की। हालांकि, राष्ट्रपति ट्रम्प ने बाद में ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में इस बैठक को बहुत बेहतरीन बताया, लेकिन कहा कि कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है। राष्ट्रपति ट्रम्प ने तेहरान के साथ परमाणु समझौते की दिशा में प्रयास करते हुए ईरान के साथ बातचीत जारी रखने का संकेत दिया।

अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा कि समझौता होना बेहतर होगा, लेकिन अगर ईरान इनकार करता है, तो आगे की स्थिति के अनुसार निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि पिछली बार समझौता ठुकराने पर ईरान पर अमरीकी हमले हुए थे। इसी का हवाला देते हुए उन्‍होंने कहा कि उम्‍मीद है कि इस बार ईरान अधिक समझदारी और जिम्‍मेदारी से निर्णय लेगा।

यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब पिछले शुक्रवार को ओमान में परमाणु वार्ता को फिर से शुरू करने को लेकर अप्रत्यक्ष बातचीत के बाद तेहरान और वाशिंगटन ने आशावादी दृष्टिकोण दर्शाया है।

नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि वह चाहते हैं कि वार्ता में ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम और हमास तथा हिजबुल्लाह जैसे अग्रवादी समूहों को समर्थन के मुद्दे भी शामिल किए जाए।

राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उनकी और नेतन्याहू की गाजा और क्षेत्र की स्थिति में हुई ‘महत्‍वपूर्ण प्रगति‘ पर भी चर्चा हुई।

इससे पहले, नेतन्याहू ने अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात की और ट्रंप के शांति बोर्ड में शामिल होने पर सहमति जताई। जिसकी बैठक अगले सप्ताह होगी। इस बोर्ड का गठन शुरू में गाजा युद्धविराम योजना की निगरानी के लिए किया गया था, लेकिन बाद में इसका दायरा अन्य वैश्विक संकटों से निपटने तक बढ़ा दिया गया।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular