Saturday, April 18, 2026
spot_img
Homeजनसम्पर्क समाचारमहिला सशक्तिकरण से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा : मंत्री...

महिला सशक्तिकरण से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा : मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया

भोपाल : बुधवार, जनवरी 7, 2026,

महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा है कि शिक्षा, नशा मुक्ति और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में समाजसेवी संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से न केवल समाज को नई दिशा मिलती है, बल्कि प्रदेश और देश के विकास में भी ठोस योगदान मिलता है।

मंत्री सुश्री भूरिया आईएचएम भोपाल में ऊर्जस्विता – 2026 को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए सम्मानित होने वाली विभूतियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

मंत्री सुश्री भूरिया ने बताया कि बाल संरक्षण एवं बाल देखरेख से जुड़े बच्चों के लिए विभाग पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन स्कीम, स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर तथा बाल कोविड योजना के माध्यम से निरंतर लाभ पहुँचा रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने मध्यप्रदेश बाल संरक्षण नीति–2020 को लागू कर बच्चों के अधिकारों की रक्षा और उनकी देखरेख को सुनिश्चित किया है।

मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत–2047 के विजन की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। Women Led Development की अवधारणा को अपनाकर भारत आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से समाज सशक्त होता है और देश आर्थिक, सामाजिक व सांस्कृतिक रूप से मजबूत बनता है। इसी दिशा में महिलाओं के सशक्तिकरण, अनुसंधान और उद्यमिता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश शासन द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से अपील की कि वह जहाँ भी कार्यरत है, अपने दायित्वों का निर्वहन इस प्रकार करे कि समाज, प्रदेश और देश का विकास सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम में पशुपालन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लखन पटेल भी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मध्यप्रदेश शासन महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाएँ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके कौशल विकास और सामाजिक भागीदारी को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री सुश्री भूरिया ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 25 महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए आग्रह किया कि वे अपने ज्ञान और अनुभव से आमजन को भी जोड़ें, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular