भोपाल : 29 दिसम्बर, 2025
रामकृष्ण मिशन एवं रामकृष्ण मठ ने भारत में की गई गतिविधियाँ में अपने 244 केन्द्रों एवं उप केन्द्रों के माध्यम से विभिन्न सेवाओं के लिये 1670.79 करोड़ रुपये खर्च कर 2 करोड़ 12 लाख 77 हजार लोगों की सेवा की। सेवा क्षेत्र में शिक्षा, चिकित्सा, सामान्य कल्याण, राहत एवं पुनर्वास, सामुदायिक कल्याण में ग्रामीण एवं आदिवासी विकास, प्रवचन एवं अन्य सेवाएं शामिल हैं। भारत के बाहर विदेशों में गतिविधियों में वाशिंगटन, डी.सी., यू.एस.ए. में एक नया केन्द्र प्रारम्भ किया गया। रामकृष्ण मिशन एवं रामकृष्ण मठ ने 24 देशों में स्थित 99 केन्द्रों एवं उप केन्द्रों के माध्यम से विभिन्न सेवा कार्य किये।
रामकृष्ण मिशन आश्रम के स्वामी नित्यज्ञानानंद जी महाराज के नेतृत्व में मिशन के भोपाल अध्यक्ष श्री लक्ष्मी नारायण इंदूरिया ने बताया कि रामकृष्ण मिशन की 116वीं वार्षिक सामान्य सभा बेलड़ मठ में आयोजित की गई। इसमें रामकृष्ण मठ एवं रामकृष्ण मिशन के महासचिव स्वामी सुवीरानन्द ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में किये गये कार्यों के विषय में रामकृष्ण मिशन की संचालन समिति की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
*पुरस्कार एवं सम्मान*
रामकृष्ण मिशन के डीम्ड विश्वविद्यालय आरकेएमव्हीईआरआई को कृषि एवं किसान कल्याण मन्त्रालय द्वारा प्रारम्भ किये गये। प्रमुख कार्यक्रम ‘प्राकृतिक कृषि पर राष्ट्रीय मिशन के अन्तर्गत ‘प्राकृतिक कृषि केन्द्र’ स्थापित किये जाने पर चार अन्य संस्थानों के साथ चयनित किया गया तथा राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (एनएएसी) द्वारा कॉलेज ऑफ एजुकेशन कोयम्बटूर एवं शिक्षा मन्दिर बेलूड़ मठ को ए प्लस ग्रेड से सम्मानित किया।
राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) शिक्षा मन्त्रालय भारत सरकार ने भारत रैंकिंग की घोषणा की, जिसमें रामकृष्ण मिशन द्वारा संचालित कॉलेजों ने उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किये। रैंकिंग में विवेकानन्द सेंटेनरी कॉलेज को तीसरा, विद्यामन्दिर आवासीय कॉलेज, बेलूड़ मठ को सतरहवाँ, नरेन्द्रपुर आवासीय कॉलेज, कोलकत्ता को चौबीसवाँ एवं कला एवं विज्ञान कॉलेज, कोयम्बटूर को 82वाँ स्थान प्राप्त हुआ।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) द्वारा रामकृष्ण मिशन, मोराबादी, राँची केन्द्र की दिव्यायन कृषि केन्द्र ईकाई को चावल की दो स्थानीय सुंगधित किस्मों को विकसित करने के लिए प्रमाणित एवं सम्मानित किया गया। वर्ल्ड स्पोर्टस योग फेडरेशन, कॉव्लून, हॉगकॉग ने कोयम्बटूर स्थित मारूति कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन को योग वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रमाण पत्र एवम् इंस्टीट्यूशन ऑफ एक्सीलेंस अवार्ड प्रदान किया।
विवेकनगर, अगरतला विद्यालय को त्रिपुरा सरकार द्वारा सर्वश्रेष्ठ विद्यालय का पुरस्कार प्रदान किया गया। कोजिकोड विद्यालय को जवाहरलाल नेहरू सांस्कृतिक सोसायटी, कोजिकोड (केरल) द्वारा सर्वश्रेष्ठ विद्यालय का पुरस्कार प्रदान किया गया।
विद्यामन्दिर आवासीय महाविद्यालय, बेलूड़ मठ को औद्योगिक अनुसंधान विभाग (डीएसआईआर), विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार द्वारा वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान संगठन सम्मान प्रदान किया गया। पश्चिम बंगाल पोस्टल सर्कल द्वारा श्रीरामकृष्ण देव के जन्म दिवस के सुअवसर पर बेलूड़ मठ स्थित श्रीरामकृष्ण के सार्वभौमिक मन्दिर को चित्रित करता हुआ सचित्र पोस्टकार्ड जारी किया गया। स्वामी विवेकानन्द के जन्मदिवस की स्मृति को चिन्हित करने स्वामीजी के पैतृक आवास को दर्शाता हुआ विशेष डाक कवर एवं सारगाछी केन्द्र, मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल की 125वीं वर्षगाँठ के अवसर पर एक विशेष पोस्टल कवर जारी किया गया।
*नवीन केन्द्र*
रामकृष्ण मिशन के पाँच नवीन केन्द्र हाफलोंग एवं कुरलभंगा (असम में) नेल्लोर (आन्ध्र प्रदेश में) तथा सारती एवं सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) में प्रारम्भ किये गये। रामकृष्ण मठ के चार नवीन केन्द्र आदिपुर (गुजरात) कोल्हापुर (महाराष्ट्र)। पथानामाथिट्टा (केरल) एवं रीवा (मध्यप्रदेश) में आरम्भ किये गये।




