लटेरी में आज 62 बच्चों को सुपोषित किट का वितरण किया गया
विदिशा : शुक्रवार, सितम्बर 12, 2025,
किसी भी समाज की असली ताकत उसके स्वस्थ बच्चे होते हैं। लेकिन जब मासूम कुपोषण की पीड़ा से जूझते हैं तो यह केवल परिवार ही नहीं, पूरे समाज की चिंता बन जाती है। विदिशा जिले में इस चिंता को गहराई से समझते हुए कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने एक मानवीय पहल की हैकृ सुपोषण किट का वितरण।
इस किट में तीन माह तक की पोषण आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए खाद्य सामग्री संधारित की गई है। विशेष बात यह है कि यह किट निःशुल्क उन बच्चों तक पहुँचाई जा रही है, जिन्हें इसकी सबसे अधिक जरूरत है। लटेरी विकासखंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जब 62 कुपोषित बच्चों को सुपोषण किट मिली तो माताओं की आँखों में उम्मीद की चमक और बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान प्रशासन की इस पहल की सफलता का संदेश देती नजर आई।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने माताओं को न केवल किट का उपयोग समझाया बल्कि यह भी बताया कि किस तरह सही समय पर, सही मात्रा में खुराक देने से बच्चों का स्वास्थ्य सुधरेगा और वे धीरे-धीरे कुपोषण की श्रेणी से बाहर आ पाएंगे।
कलेक्टर श्री गुप्ता का कहना है कि “हर बच्चे का स्वस्थ होना ही हमारे भविष्य की गारंटी है। प्रशासन इस दिशा में पूरी सजगता और संवेदनशीलता के साथ काम कर रहा है।”
यह पहल सिर्फ भोजन देने की नहीं, बल्कि समाज को यह संदेश देने की है कि बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील होना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। जब प्रशासन और समाज मिलकर आगे बढ़ते हैं, तभी कुपोषण जैसी चुनौती को जड़ से खत्म किया जा सकता है।




